- Hindi News
- National
- रेस्त्रां के बाहर मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
रेस्त्रां के बाहर मारपीट के मामले में दोनों पक्षों ने सौंपा ज्ञापन, निष्पक्ष जांच की मांग उठाई
पाली. ज्ञापन देने जाते राजपुरोहित समाज के लोग।
भास्कर संवाददाता. पाली
कोर्ट परिसर के बाहर मंगलवार को रेस्त्रां के बाहर हुई मारपीट के मामले में बुधवार को दोनों पक्षों ने कलेक्टर व एसपी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन सौंपने पूर्व एक पक्ष ने नगर परिषद परिसर में एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन के साथ आयुक्त व चेयरमैन को होटल संचालकों द्वारा नगर परिषद के कर्मचारियों के साथ मारपीट के विरोध में आक्रोश व्यक्त करते हुए नगर परिषद से आवंटन निरस्त करने व प्रकरण में बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। इधर, दूसरे पक्ष ने रैली निकालकर एसपी दीपक भार्गव को ज्ञापन सौंपकर दुकान में घुसकर मारपीट व लूट के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की।
आवंटन निरस्त करने व मारपीट के आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग : रेस्त्रां पर मारपीट के मामले में राष्ट्रीय सफाई मजदूर यूनियन के बैनर तले नगर परिषद के सफाई कर्मचारी बुधवार को नगर परिषद परिसर पहुंचे तथा विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आयुक्त इंद्रसिंह राठौड़ व नगर परिषद चेयरमैन महेंद्र बोहरा को ज्ञापन सौंपकर नगर परिषद द्वारा रेस्त्रां संचालक को लीज पर दुकान के आवंटन को निरस्त करने व प्रकरण में बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की की मांग की। इस पर आयुक्त राठौड़ ने मामला दर्ज करवाने और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करवाने का आश्वासन दिया। इसके बाद आक्रोशित कर्मचारी रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचे तथा कलेक्टर सुधीर कुमार शर्मा को भी ज्ञापन सौंपा। इस दौरान यूनियन के राजेंद्र घावरी, मदन तेजी, आनंद वाल्मीकि, विक्रम चंदानी, हरीश गुंद, चरणदास आदिवाल, विनोद तेजी, प्रदीप ढंझा, दीपक जावा, जगाराम गुजराती, राजसा चौहान, रणजीत आदिवासी, अशोक आदिवाल, जगदीश आदिवाल, सुनिल चौहान, परमानंद भटकाव, अनिल व विनोद समेत वाल्मीकि समाज के कई लोग मौजूद थे।
इधर, दूसरे पक्ष ने दुकान में घुसकर मारपीट व लूट के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई : दुकान में घुसकर मारपीट व लूट करने के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर दूसरे पक्ष के लोगों ने भी एसपी दीपक भार्गव को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि सेशन कोर्ट के बाहर रेस्त्रां में घुसकर कुछ लोगों ने स्वयं को नगर परिषद कर्मचारी बताते हुए अनधिकृत रूप से रुपयों व मुफ्त में मिठाई की मांग की थी। इस पर ओमप्रकाश के स्टाफ जोगेंद्र सिंह ने रुपए देने व मुफ्त में मिठाई देने से मना कर दिया तो उन लोगों ने जोगेंद्रसिंह व दुकान के अन्य स्टाफ से मारपीट की और दुकान से गुल्लक से रुपए उठाकर ले गए। इस मामले में पुलिस थाना कोतवाली में मामला भी दर्ज करवाया गया। उन्होंने बताया कि राजनीतिक षड्यंत्र के चलते इस मामले में दूसरा रूप देते हुए नगर परिषद कार्मिकों ने मिथ्या तथ्यों के आधार पर दुकान मालिक व स्टाफ पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया है। पुलिस ने भी इस मामले में स्टाफ वालों को ही शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है, जबकि दुकान में घुसकर मारपीट करने एवं रुपए लूटकर ले जाने वालों के खिलाफ अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो पाई है। इस मौके पर हुकम सिंह, देवीसिंह, एडवोकेट चंद्रभानू राजपुरोहित, किशन सिंह, चंद्रपालसिंह, हरिसिंह, शैतानसिंह, गिरधारीसिंह समेत कई लोग मौजूद थे।
पाली. ज्ञापन देने जाते वाल्मीकी समाज के लोग।