मारवाड़ जं. व विंगरला के दो मकानों से लाखों के जेवरात व नकदी चोरी
जिले के मारवाड़ जंक्शन कस्बे तथा रानी क्षेत्र के विंगरला गांव में बीती रात को चोरों ने दो मकानों के ताले तोड़कर वहां से लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात तथा नकदी समेत अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। पुलिस ने घटनास्थलों का मौका-मुआयना कर मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। संदेह के दायरे में आए कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मारवाड़ जंक्शन के वीडी नगर में रहने वाले सुरेश कुमार बलाई ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर से बाहर गया था। पीछे से चोरों ने उसके मकान का ताला तोड़कर वहां से एक संदूक में रखे सोने-चांदी के जेवरात तथा 7500 रुपए नकद चुराकर ले गए। आरोपियों ने घर का सारा सामान भी बिखेर दिया। इसी प्रकार रानी थाना क्षेत्र के विंगरला गांव में भी चोरी की वारदात हो गई। मकान मालिक मोहनसिंह पुत्र भीकसिंह राजपुरोहित ने पुलिस में दी रिपोर्ट के अनुसार चोराें ने रात में उसके मकान का ताला तोड़ दिया तथा वहां से सोने-चांदी के जेवरात तथा अन्य कीमती सामान चुराकर ले गए। मामले की जानकारी मिलने पर दोनाें थाना क्षेत्रों के पुलिस दल ने मौका मुआयना किया तथा मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।