पांच मौका पुलिया के डंपिंग यार्ड में फिर से लगी आग
पाली | पांच मौका पुलिया के निकट बने अवैध डंपिंग यार्ड में बुधवार रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटें तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें देख लोगों ने अग्निशमन विभाग में फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलने के बाद तीन दमकल मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। जानकारी के अनुसार पांच मौका पुलिया पर बने अवैध डंपिंग यार्ड में बुधवार रात अचानक आग लग गई।
इस पर कॉलोनी के लोगों ने अग्निशमन विभाग में फोन कर इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी बाबूलाल मीणा, वाहनचालक हीरालाल व फायरमैन दिलीप कुमार 3 दमकल लेकर मौके पर पहुंचे और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व अवैध डंपिंग यार्ड में बार-बार आग लेने और कॉलोनी को खतरा होने को लेकर कॉलोनी के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया था। इस पर नगर परिषद के अधिकारियों ने यहां से कचरा हटाने का अाश्वासन दिया। बावजूद इसके यहां से न तो कचरा हटाया गया और न ही कोई कार्रवाई की गई है।