- Hindi News
- National
- खेलकूद प्रतियोगिता में देंगे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत मिशन का संदेश
खेलकूद प्रतियोगिता में देंगे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत मिशन का संदेश
कीर प्रीमियर लीग सीजन 2 का आगाज आज से
भास्कर संवाददाता | पाली
कीर समाज के युवाओं ने समाज में नशा मुक्ति के साथ बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और स्वच्छता का बीड़ा उठाया है। कीर समाज तीन परगना युवा महासभा ने दुदनी में गुरुवार से आयोजित कीर प्रीमियर लीग खेलकूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के टीशर्ट पर नशा मुक्ति व बेटी बचाओ व बेटी पढ़ाओ और स्वच्छ भारत मिशन के स्लोगन छपाए है। इससे पहले कीर समाज ने आर्थिक दृष्टि से पिछड़े परिवारों को हर अमावस्या पर किराने का सामान वितरित करने की पहल भी की थी। समाज के जिला युवा अध्यक्ष तुलसाराम सिसोदिया ने बताया कि समाज की एकता, समाज का विकास और समाज की प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से इस क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। समाज की बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने और स्वच्छ भारत मिशन के तहत लोगों को स्वच्छता का संदेश देने के लिए खिलाड़ियों के टीशर्ट पर स्लोगन छपवाए गए है। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर केपीएल कमेटी संयोजक अर्जुन उआल, कमेटी अध्यक्ष नरेंद्र दायमा, कोषाध्यक्ष सुनील दायमा कोलर, सचिव ईश्वर दायमा कोलर, पाली जिला युवा अध्यक्ष तुलसाराम सिसोदिया समेत समाज के कई युवा जुटे हुए हैं।
नशा मुक्ति के लिए दौड़ेंगे समाज के युवा और कबड्डी में दिखाएंगे जोश
समाज के नरेंद्र कीर ने बताया कि कीर प्रीमियर लीग खेलकूद प्रतियोगिता में समाज के युवा नशा मुक्ति के संदेश देकर दौड़ लगाएंगे। साथ ही कबड्डी प्रतियोगिता भी होगी। इसमें समाज की प्रतिभाओं का चयन करके आगे के लिए भेजा जाएगा। इसके साथ ही नन्ही प्रतिभाओं को को मंच देने और उनका हौंसला बढ़ाने के उद्देश्य के लिए प्रतिभा सम्मान समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। कीर समाज की यह खेल कूद प्रतियोगिता चार तक चलेगी। चारों ही दिन अलग जिले के टीमों के बीच मैच होंगे। अंतिम दिन विजेताओं को ट्राफियां देकर सम्मानित किया जाएगा।