पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • पहले चरण में पुराने शहर व आसपास की कॉलोनियों के 10 हजार घर जुड़ेंगे सीवरेज लाइन से

पहले चरण में पुराने शहर व आसपास की कॉलोनियों के 10 हजार घर जुड़ेंगे सीवरेज लाइन से

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शहर में वर्ष 2008-09 में शुरू हुए सिटी सीवरेज प्रोजेक्ट का लाभ अब शहरवासियों को मिलेगा। प्रथम चरण का कार्य पूरा होने के बाद शहर में करीब 10 हजार कनेक्शन नगर परिषद की ओर से करवाए जाएंगे। इसको लेकर नगर परिषद ने ऑनलाइन टेंडर जारी कर दिए हैं। इसे पांच जोन में बांटकर प्रत्येक जोन में 1.20 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। नगर परिषद करीब दो दर्जन कॉलोनी में सीवरेज चैंबर का निर्माण करने के साथ घर तक कनेक्शन देने के लिए 6 करोड़ की राशि खर्च करेगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2008-09 में सरकार ने यूआईडीएसएसएमटी योजना के तहत सिटी सीवरेज कार्य शुरू किया था। यह कार्य पहले हैदराबाद की कंपनी ने शुरू किया। कुछ समय तक काम चलने के बाद उसने दूसरी कंपनी ठेका को शिफ्ट कर दिया। इसके बाद भी प्रथम चरण का काम अधूरा रहा।

करीब 3 कंपनियों द्वारा अधूरा काम करने के बाद अप्रैल 2015 में जयपुर की जीसीकेसी कंपनी को ठेका जारी किया गया। कंपनी ने तीन साल में काम करते हुए कुल 58 किमी में से 43.9 किमी पाइपलाइन डालने काम पूरा कर दिया है। प्रथम चरण काम भी अधूरा रहने के बाद सरकार ने पाली शहर को रूडिप से जोड़ दिया। वर्तमान में रूडिप के तहत एलएंडटी कंपनी की ओर से शहर में सीवरेज लाइन डालने के साथ 24 घंटे जलापूर्ति की लाइन डालने का काम किया जा रहा है।

10 साल बाद राहत - वर्ष 2008 में शुरू हुए सीवरेज प्रोजेक्ट का प्रथम चरण पूरा

तीन कंपनियां छोड़कर गईं अधूरा काम, अब भी 14 किमी लाइन बिछाना बाकी

वर्ष 2008-09 में यूआईडीएसएसएमटी योजना के तहत शहर में सिटी सीवरेज बिछाने का काम शुरू हुआ था। तीन कंपनियों के अधूरा काम छोड़कर चले जाने के बाद अप्रैल 2015 में प्रथम चरण का बाकी बचा काम पूरा करने के लिए जीसीकेसी कंपनी को 29 करोड़ 20 लाख 20 हजार रुपए में काम सौंपा था। अब तक 58 किमी में 43.9 किमी पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। शेष 14.1 किमी पाइपलाइन डालने का कार्य बाकी है।

नगर परिषद कनेक्शन जारी करने से पहले खुद ही चैंबर बनवाएगी घरों के बाहर

योजना के अनुसार पहले उपभोक्ताओं काे स्वयं के स्तर पर चैंबर तैयार कर मुख्य लाइन से घर कनेक्शन करवाना था। काम में देरी होने और उपभोक्ता की शिकायतों के बाद नगर परिषद ने सरकार से चैंबर निर्माण और कनेक्शन देने की मांग की थी। इसकी स्वीकृति मिलने के बाद अब नगर परिषद करीब 10 हजार घरों में कनेक्शन देने के साथ चैंबर का निर्माण भी करेगी।

43.9 किमी क्षेत्र में पुराने शहर सहित 24 से ज्यादा कॉलोनियों के लोगों को राहत

प्रथम चरण में करीब दो दर्जन कॉलोनियों को जोड़ा गया है। कंपनी ने लाइन डालने का कार्य गांधी सर्किल से बांगड़ स्कूल, पुराना बस स्टैंड होते हुए ईएसआई अस्पताल जाने वाले मुख्य सड़क के दांयीं ओर के क्षेत्र में पाइपलाइन डाली है। इसमें पुराना शहर, श्रीपाल नगर, घोसी कॉलोनी, शिवनगर, गांधी नगर, सिंधी कॉलोनी, गांधी कॉलोनी, उद्योग नगर समेत दो दर्जन से अधिक कॉलोनियां शामिल हैं।

10 हजार घरों को सीवरेज लाइन से जोड़ने के साथ चैंबर का निर्माण भी करेंगे

शहर में यूआईडीएसएसएमटी योजना के तहत वर्ष 2008-09 में शुरू हुए सिटी सीवरेज के प्रथम चरण का काम लगभग अंतिम चरण में है। पूर्व में इस योजना के तहत उपभोक्ता को स्वयं के स्तर पर चैंबर तैयार करने के साथ कनेक्शन भी करना था, लेकिन सरकार से नगर परिषद को स्वीकृति मिली है। अब नगर परिषद 10 हजार घरों में कनेक्शन देने के साथ चैंबर भी बनाएगी। इसमें उपभोक्ता का एक रुपया भी नहीं लगेगा। इसके लिए 5 जोन के टेंडर जारी किए हैं। प्रत्येक जोन में 1 करोड़ 20 लाख रुपए खर्च होंगे। कार्यों का कार्यादेश निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने पर जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ करवाया जाएगा। -महेंद्र बोहरा, चेयरमैन नगर परिषद

खबरें और भी हैं...