कोर्ट परिसर के बाहर पॉलिथीन जब्त की कार्रवाई करने पहुंचे नगर परिषद डीओसी शाखा के कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के मामले में म्युनिसिपल कर्मचारी फेडरेशन संघ के अध्यक्षों व अन्य यूनियन की ओर से किए जा रहे विरोध-प्रदर्शन के साथ हड़ताल पर रहने को लेकर रविवार को नगर परिषद व यूनियन के बीच समझौता हो गया है। नगर परिषद समझौता समिति की बैठक में यूनियन की सभी मांगें मानने के बाद अब यूनियन की ओर से सोमवार से प्रस्तावित हड़ताल वापस ले ली है। वीडी नगर स्थित चेयरमैन आवास पर रविवार को चेयरमैन महेंद्र बोहरा, डिप्टी चेयरमैन मूलसिंह भाटी, आयुक्त इंद्रसिंह राठौड़ व समझौता समिति के अध्यक्ष विकास बुबकिया की मौजूदगी में म्युनिसिपल कर्मचारी फेडरेशन संघ के अध्यक्ष व अन्य यूनियन के पदाधिकारी व कर्मचारी की बैठक हुई। बैठक में फेडरेशन की सभी 6 मांगों पर सहमति बन गई है। गौरतलब है कि गत 15 मई को कोर्ट के बाहर रेस्त्रां पर नगर परिषद डीओसी शाखा के कर्मचारी व रेस्त्रां के कर्मचारियों के बीच मारपीट हुई थी। इसके बाद से यह विवाद तूल पकड़ता जा रहा था।
इन मांगाें पर हुआ समझौता
नगर परिषद ने ओमप्रकाश धन्नाराम को दुकान नीलाम की है। दुकान के ऊपरी भाग को संचालक की ओर से काम में लिया जा रहा है, जो गलत है। उसे सीज किया जाए। कैंटीन में नगर परिषद की प्याऊ दानदाताओं द्वारा लगाई गई है। उसको नगर परिषद अपने कब्जे में लेकर उसका संचालन करें। दुकानदार उसको काम में नहीं लेगा। दुकानदार द्वारा परिषद की अनुमति के बिना होर्डिग्स लगा रखे हैं, उसके लिए संपत्ति निरुपण के तहत कार्रवाई की जाए। दुकानदार द्वारा खाद्य लाइसेंस नहीं लिया गया है, उसके खिलाफ खाद्य नियमों के तहत कार्रवाई के लिए कलेक्टर को पत्र लिखा जाए। दुकानदार द्वारा सड़क पर अतिक्रमण नहीं करने और भट्टी व काउंटर हटाए जाए। पॉलीथिन की थैलियाें की जब्ती की कार्रवाई के लिए डीओसी शाखा के साथ दो होमगार्ड के जवान या पुलिसकर्मी दिए जाए।