पादरी जेम्स जोजो ने कहा- प्रभु को ह्रदय में स्थान दे उनका स्मरण करें
भास्कर न्यूज | पालकोट
पालकोट प्रखंड स्थित लामदोन गांव के जीईएल चर्च में रविवार को दृढ़ीकरण संस्कार समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर 54 युवक युवतियों को दृढ़ीकरण संस्कार कराया गया। मुख्य अधिष्ठाता चर्च के अध्यक्ष सह पादरी जेम्स जोजो की अगुवाई में सम्पूर्ण धर्मविधि पूरी की गई। जबकि सह अधिष्ठाता की भूमिका पादरी इभामनी किन्डो ने निभाई।
संस्कार के दौरान पादरी जेम्स जोजो ने अभिलाषियों के लिए बाईबल से आशिष वचन पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हमारे लिए विशेष है। यह पवित्र आत्मा का दिन है। इसे ऐतिहासिक रूप से मसीही लोग स्मरण करें। पवित्र दृढ़ीकरण संस्कार के लिए सभी युवक-युवतियों को परिश्रम के साथ तैयार किया गया है। यह कलिसिया के लिए बड़ी उपलब्धि है। संस्कार पाने के बाद युवक-युवतियां अपना जीवन समर्पित करने के लिए तैयार हैं। जो सर्वव्यापी और हमारी जरुरतों को जानता है उस परम पिता प्रभु येशु का स्मरण करें। प्रभु हमारी जरुरतों को पूरा करने के लिए हमेशा तैयार रहता है। युवक-युवतियां अपने मन और कलिसिया के लिए भले बुरे को देख व पहचान सकते हैं। समाज व परिवार के लिए अच्छा निर्णय ले सकते हैं। प्रभु को अपने ह्रदय में स्थान देकर उनका स्मरण करें।
बुराई व नशापान से दूर रहकर जीवन व्यतीत करें। बुराई व नशा आज युवाओं को गर्त की ओर धकेल रहा है। इससे बचने की जरूरत है। इससे पूर्व वेदी ग्रहण कार्यक्रम, आराधना गीत, धन्यवादी दान, पाठ वचन, हलेलूईया स्मरण, धन्यवादी प्रार्थना, उपदाश वचन, दृढीकरण अभिलाषियों द्वारा गीत प्रस्तुति, मंडली समाचार, पवित्र दृढीकरण आराधना, आराधना गीत, बालक बालिका दलों द्वारा सवाल, बप्तिसवां भाषा वचन आदि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस मौके पर पादरी इभामनी किन्डो, कन्डीदत अंजोर डुंगडुंग, प्रचारक मनोहर केरकेट्टा, आनंद सोरेंग, सुधीर एक्का, लवके जीवन टेटे, तरसीयुस केरकेट्टा, मंजू कल्यण टेटे, सचिव अंजोर टोपनो बिजेंद्र कंसारी आदि उपस्थित थे।