इनामी हार्डकोर अपराधी को जेल
अजीतगढ़| पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार पांच हजार रुपए के इनामी डकैत को बुधवार को दांतारामगढ़ न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि प्रदेश के कई जिलों में आपराधिक गतिविधियों के सक्रिय रहे तथा वर्ष 2011 से फरार, 2014 में जयपुर ग्रामीण थाना अमरसर के ग्राम धानोता में डकैती एवं हत्या के मामले में वांधित सांवलपुरा शेखावतान निवासी बहादुर उर्फ बहादुरिया मीणा को मंगलवार को हरिपुरा मोड़ के पास घेराव कर पकड़ा था। इस पर जयपुर ग्रामीण एसपी द्वारा 2015 में पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
भामाशाह के सहयोग से बनेंगे दो कमरे
पलसाना| राजकीय बालिका माध्यमिक विद्यालय में भामाशाह के सहयोग से दो कमरों का मय बरामदा निर्माण होगा। श्री गोपाल बड़ा मंदिर के महंत मनोहर शरण शास्त्री के सानिध्य में मालीराम अग्रवाल बनवारीलाल खेतान के आर्थिक सहयोग से बनने वाले कमरों का भूमि पूजन किया गया। इस मौके पर प्रधानाध्यापिका राजरानी अरोड़ा, कैप्टेन लक्ष्मीनारायण महला, मालीराम अग्रवाल, ओमप्रकाश गोयल, हजारीलाल कुमावत, नाथूराम कुमावत, राधेश्याम अग्रवाल सहित विद्यालय विकास एवं प्रबंधन समिति के सदस्य तथा विद्यालय स्टाफ और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।
नवक्रमोन्नत विद्यालय का उद्घाटन किया
सीकर| सेवद बड़ी गांव में बुधवार को धोद विधायक गोरधन वर्मा की अध्यक्षता में नवक्रमोन्नत राजकीय आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय का उद्घाटन किया गया। इस दौरान भाजपा नेता रामेश्वरलाल रणवां, उपजिला प्रमुख शोभसिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष श्रीपाल खीचड़, बाल कल्याण समिति के गजेंद्रसिंह चारण, पंचायत समिति सदस्य गंगाधर भदाला, ओबीसी मोर्चा के फूलचंद, प्रधानाध्यापक सांवरमल शर्मा आदि शामिल थे। विधायक वर्मा ने सेवद बड़ी गांव में आईटीसी लैब, हाईमास्ट लाइट लगाने समेत अन्य विकास कार्य कराने की बात कही।
दांतारामगढ़ में होम्योपैथी अस्पताल शुरू
दांतारामगढ़| कस्बे में होम्योपैथी चिकित्सालय का अक्षय तृतीया के मौके पर शुभारंभ किया गया। धीरेंद्र एवं शांता मेहता फाउंडेशन जयपुर की ओर से संचालित कस्बे के श्री रघुनाथ चौक में सरपंच मधु स्वामी ने चिकित्सालय का शुभारंभ किया। संचालक नीतिश मनसाका ने बताया कि चिकित्सालय में मरीजों का निशुल्क इलाज किया जाएगा। चिकित्सालय में प्रतिदिन दोपहर बाद तीन से शाम छह बजे तक डॉ. एसएन बागची सेवा देंगे। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष ओमप्रकाश स्वामी, उपसरपंच ताराचंद कुमावत, टीकमचंद देदाका, प्रहलाद राय मनसाका, श्यामलाल पुजारी, महावीर प्रसाद पारीक सहित अनेक लोग मौजूद थे।