पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कल आएंगे मुख्यमंत्री, कलेक्टर ने किया निरीक्षण, ठोककर जांची मंच की मजबूती

कल आएंगे मुख्यमंत्री, कलेक्टर ने किया निरीक्षण, ठोककर जांची मंच की मजबूती

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगर के निवाली रोड स्थित मंडी प्रांगण में मंगलवार को असंगठित श्रमिकों का सम्मेलन होगा। कार्यक्रम में सीएम शिवराजसिंह चौहान शामिल होंगे। सीएम के लिए सभा स्थल पर मंच तैयार किया जा रहा है। मंच को ठोककर कलेक्टर तेजस्वी एस नायक ने मजबूती जांची। साथ ही सभा स्थल पर तैयारियों को लेकर अधिकारियों से जानकारी ली। इसके अलावा कार्यक्रम में लगने वाले अंत्योदय मेले के स्टाल के लिए जगह भी देखी। यहां 28विभागों के स्टाल लगाए जाएंगे। साथ ही आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से सभा स्थल पर रंगोली बनाने के लिए स्थान तैयार किया जा रहा है।

इस दौरान एसडीएम रिजू बाफना, सीएमओ विनोद बार्चे, महिला शक्तिकरण अधिकारी भारती अवस्या, तहसीलदार वंदना चौहान, नायब तहसीलदार छगनलाल नागराज,थाना प्रभारी बीआर वर्मा मौजूद रहे। कलेक्टर ने बताया कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा इंतजाम को लेकर जवान तैनात किए जाएंगे। करीब 25 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। साथ ही कार्यक्रम स्थल पर 28 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। ताकि कार्यक्रम में आने वाले लोगों को योजनाओं की जानकारी मिल सके। 1500 वर्गफीट में मंच तैयार की जा रही है। कार्यक्रम में 50 से ज्यादा गांवों के लोग और जिले के सभी अधिकारी शामिल होंगे।

ठोककर मंच की मजबूती परखते कलेक्टर तेजस्वी एस नायक।

जनप्रतिनिधि विकास के लिए ये रखेंगे मांगें

नगर परिषद अध्यक्ष रमा वास्कले ने बताया कि नगर व क्षेत्र के विकास के लिए सीएम के सामने मांगें रखेंगे। इसमें पलसूद से मटली बालसमुद हाईवे को जोड़ने वाली 20किसी सड़क निर्माण की मांग, पलसूद में सेंधवा बड़वानी बायपास की मांग, बीटीआई कॉलेज की मांग, नए उद्योग स्थापित करने की मांग ताकि पलायन रुक सके, कन्या हायर सेकंडरी स्कूल मेें कॉमर्स विषय शुरू करने की मांग, कन्या स्कूल की बाउंड्रीवाल की मांग, नवीन थाना भवन व पुलिस लाइन बनाने की मांग रखी जाएगी। इनमें से कई मांगें सालों से लंबित हैं।

500 मीटर दूर बनाया जा रहा हेलीपैड

सीएम कार्यक्रम में भाग लेने के लिए हेलीकप्टर से पलसूद पहुंचेंगे। इसके लिए कार्यक्रम स्थल से 500 मीटर दूर हेलीपैड तैयार किया जा रहा है। यहां से सीएम मंच तक वाहन के माध्यम से पहुंचेंगे। हेलीपैड से मंच तक पहुंच मार्ग के दोनों ओर लकड़ी की रेलिंग बनाई जाएगी। वहीं मीडिया, जनप्रतिनिधियों को लिए अलग से बैठक व्यवस्था रहेगी। क्षेत्रीय विधायक दीवानसिंह पटेल ने बताया सीएम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन, 8.50करोड़ रुपए से बने फिल्टर प्लांट, कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का भवन का शिलान्यास भी करेंगे।

सीएम से कराई जाएगी बायपास की घोषणा

भाजपा जिलाध्यक्ष ओम खंडेलवाल ने बताया पलसूद में बायपास की बहुत जरूरत है। यहां जाम की स्थिति बनती है। सीएम से बायपास की घोषणा कराई जाएगी। नगर के मोहनलाल गोले, मनोज राठौड़, दिलीप कुशवाह ने बताया नगर विकास के लिए मांगों का आवेदन बनाया जा रहा है। जो कार्यक्रम में सीएम को सौंपेंगे।

फैक्ट फाइल

1 लाख वर्गफीट में तैयार हो रहा पांडाल।

6 हजार कुर्सियां लगाई जाएगी।

25 हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे।

50 से ज्यादा गांव के लोग शामिल होंगे।

28 विभागों के स्टॉल लगाकर प्रदर्शन लगाई जाएगी।

500 मीटर मंच से दूर रहेगा हेलीपैड।

1500 वर्गफीट में तैयार हो रहा मंच।

खबरें और भी हैं...