नगर परिषद एवं अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल 12वें दिन भी जारी रही। रविवार को इन्होंने मुख्य बाजार में प्रदर्शन करते हुए हुडा चौक पहुंचे। यहां पर उन्होंने सीएम के राजनीतिक सचिव दीपक मंगला के निवास पर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। नगरपालिका कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कैलाशचंद की अध्यक्षता में निकाले गए जुलूस में काफी संख्या में सफाई कर्मी शामिल थे।
प्रधान कैलाशचंद ने कहा कि हड़ताल के कारण कोई भी सफाई कर्मी काम नहीं कर रहा है। इससे लोगों को दिक्कत हो रही है। हड़ताली कर्मियों को राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी धरना स्थल पर आकर अपना समर्थन व सहयोग देने का आश्वासन दिया है। सर्व कर्मचारी संघ के नेता सुभाष लांबा, बनवारी लाल, जितेंद्र तेवतिया व योगेश शर्मा कहा कि पूरे प्रदेश के करीब तीस हजार कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। सफाई कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण पूरे प्रदेश में सफाई व्यवस्था चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि सरकार सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी लागू नहीं करना चाहती। इससे हड़ताली कर्मचारियों में गुस्सा बढ़ता जा रहा है। हड़ताल में राज मडेतिया, राज सिंह, किशोर सिंह, सुरेश दरोगा, कर्मबीर, रवि, अशोक, सूरज, हरिओम, बालादेवी, राजबाला व आशा कुमारी सहित काफी संख्या में कर्मचारी मौजूद थे।
पुलिस बल की मौजूदगी में भी नहीं हो सकी सफाई
जिला प्रशासन की ओर से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के चलते शहर को साफ कराने के प्रयास किए गए, लेकिन हड़ताल कर रहे सफाई कर्मियों ने विफल कर दिया। मौके पर विवाद की स्थिति बन गई। इससे प्रशासन को अपने कदम वापस खींचने पड़े। सफाई कर्मचारी अपनी 36 मांगों को लेकर 12 दिन से हड़ताल पर हैं। सर्व कर्मचारी संघ के जिला सचिव बनवारी लाल के अनुसार कर्मचारी किसी दबाव व धमकी में नहीं आएंगे।
पलवल. सफाई कर्मचारी जुलूस निकालकर सीएम के राजनीतिक सचिव के निवास की ओर जाते हुए।