रेत माफियाओं ने दो होमगार्डों को डंपर से फेंका, दो अरेस्ट
यमुना नदी से अवैध खनन कर रेत लेकर आ रहे दो डंपरों को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने डंपरों को कब्जे में लेकर दो होमगार्डों को एक डंपर में बैठा दिया। इसी दौरान दो गाड़ी मौके पर पहुंच गईं और होमगार्डों को डंपर से फेंककर एक डंपर को लेकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस संबंध में होमगार्ड की शिकायत पर दो नामजद सहित सात-आठ अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
कैंप थाना प्रभारी अश्विनी कुमार के अनुसार यहां की पीसीआर असावटा गांव में दबिश देने के लिए जा रही थी। पुलिस ने पलवल-असावटा मार्ग पर दो डंपरों में अवैध रेती भरी हुई देखी तो उन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने एक डंपर में होमगार्ड कर्मचंद व राजबीर को बैठा दिया तथा दूसरे में एक अन्य होमगार्ड को बैठा दिया और थाने ले जाने के लिए कहा, लेकिन जब पुलिस की पीसीआर असावटा गांव की तरफ चली गई तो वहां एक ईको व एक लिवा कार में कुछ लोग वहां पहुंचे और डंपर की रेती को सड़क पर खाली कर होमगार्ड राजबीर व कर्मचंद को डंपर से नीचे फेंक दिया। इसी दौरान पीसीआर की नजर पड़ गई तो उसने मामले की सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को दी। वहां से सूचना मिलते ही कैंप थाना, शहर थाना, सदर थाना व सीआई की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने एक डंपर व उसके चालक बड़ौली निवासी भारत व लिवा कार व उसके चालक बहरौला निवासी नफे को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि एक डंपर चालक व ईको गाड़ी सवार व्यक्ति पुलिस को चकमा देकर भागने में कामयाब हो गए। पुलिस ने होमगार्ड कर्मचंद की शिकायत पर भारत, नफे सहित सात-आठ अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद पुलिस ने यमुना से अवैध खनन कर रेत ले जाने वाले वाहनों की धरपकड़ शुरू कर दी है।