पलवल|पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर रोड़ी से भरा ट्रक पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर ट्राला की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई और एक घायल हो गया। हाईवे पर कैंटर की टक्कर से कार सवार चार महिलाओं सहित छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। बादली गांव निवासी मुकीन के अनुसार वह ट्रक पर परिचालक हैं, जबकि नंगला एहसानपुर गांव निवासी जमशेद चालक है। 16 मई को वे दोनों ट्रक में राजस्थान से रोड़ी भरकर नोएडा (यूपी) जा रहे थे। जब उनका ट्रक पलवल-अलीगढ़ मार्ग पर चांदहट गांव के निकट पहुंचा तो उन्हें वहां नूंह जिले के झिरका-फिरोजपुर निवासी महेंद्र मिला। महेंद्र की गाड़ी खराब हो गई थी। वह खाने के बाद उनके साथ ट्रक में सवार हो गया। चालक जमशेद ट्रक को लापरवाही से चला रहा था। इससे ट्रक पलट गया। इससे ट्रक के नीचे दबने से महेंद्र की मौत हो गई। दूसरे मामले में बेटियों की शादी का सामान लेकर विक्की पर सवार होकर घर लौट रहे भाई-बहन को ट्राला ने टक्कर मार दिया। इससे मौके पर ही बहन की मौत हो गई, जबकि भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल की शिकायत पर ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।