प्रतिभाएं किसी की मोहताज नहीं होती, वे कहीं भी अपना हुनर दिखा सकती हैं। यह साबित किया है खांबी गांव निवासी हरीओम ने। हरीओम ने सोमवार को घोषित हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में 500 में से 495 अंक लेकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। हरीओम का लक्ष्य राष्ट्रीय सैन्य अकादमी की परीक्षा उत्तीर्ण कर देश की सेवा करना हैं। हरीओम ने बताया कि सफलता के लिए उसने घर में रहकर ही पढ़ाई की। स्कूल में मिलने वाली शिक्षा के अतिरिक्त हरीओम घर में पांच से छह घंटे तक की पढ़ाई करता था। खांबी गांव के बीवीएन स्कूल के छात्र हरीओम के पिता लक्ष्मण जेबीटी तक पढ़े हैं और फरीदाबाद की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। हरीओम की मां गुड्डी गृहिणी हैं। मां भले खुद नहीं पढ़ पाई, लेकिन पुत्र को हमेशा प्रोत्साहित करती रहती थीं। हरीओम ने बताया कि अशिक्षित मां तथा पिता के पास समय न होने के चलते उनके चाचा राधेलाल व ओमदत्त पढ़ाई में हाथ बंटाते थे। स्कूल के हिंदी विषय के अध्यापक शिवदत्त शर्मा का भी सफलता दिलाने में विशेष योगदान रहा। 95 प्रतिशत लेकर अजीत प्रथम:जीवन ज्योति स्कूल के एमडी वीरेंद्र गहलौत ने बताया कि स्कूल के छात्र अजीत सिंह ने 95 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दसवीं कक्षा में प्रथम, तन्नू ने 93.6 प्रतिशत अंक लेकर दूसरा व राधिका ने 92.4 प्रतिशत अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया है।
पलवल. टॉप टेन की लिस्ट में आने वाले खांबी के स्कूल के तीन छात्र।