पार्षदों को स्टडी टूर पर हैदराबाद भेजेगा नगर निगम
पंचकूला नगर निगम जल्द ही एमसी पार्षदों के लिए स्टडी टूर का आयोजन करेगा। इन्हें हैदराबाद में स्टडी टूर पर ले जाया जाएगा जहां ये टीम वहां के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट को देखेगी। हैदराबाद में लगे सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट में कचरे के निपटारे के दौरान बिल्कुल बदबू नहीं आती है। इससे नजदीक एरिये में रह रहे लोगों को परेशानी नहीं होती है। निगम पार्षदों के साथ रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशंस के कुछ प्रतिनिधियों को भी स्टडी टूर पर साथ ले जाएगा। एमसी कमिश्नर राजेश जोगपाल का कहना है कि स्टडी टूर के लिए हैदराबाद का चयन कर लिया गया है लेकिन अभी इसके लिए डेट को फाइनल किया जाना है। पंचकूला नगर निगम ने पहली बार पार्षदों के लिए स्टडी टूर प्लान किया है। नगर निगम का पौने पांच साल का कार्यकाल पूरा हो चुका है। केवल दो माह का कार्यकाल शेष बचा है। वर्तमान पार्षदों के कार्यकाल में समाप्ति पर पहली बार निगम की ओर से स्टडी टूर प्लान किया गया है।