- Hindi News
- National
- टायर पंचर होते ही डिसबैलेंस होकर वीटा बूथ में घुसा जुगाड़ ऑटो, पुलिस भी जुगाड़ करके ले गई
टायर पंचर होते ही डिसबैलेंस होकर वीटा बूथ में घुसा जुगाड़ ऑटो, पुलिस भी जुगाड़ करके ले गई
पंचकूला | शहर में आए दिन जुगाड़ ऑटो के डिसबैलेंस होने से हादसे के मामले सामने आ रहे हैं। बुधवार को सेक्टर-19 मार्केट स्थित वीटा बूथ में एक जुगाड़ ऑटो डिसबैलेंस होकर जा घुसा और इस वजह से वीटा बूथ में हजारों रुपए का नुकसान हो गया। बूथ मालिक ने तुरंत शिकायत पुलिस को दी। हैरानी की बात यह रही कि मामले में कार्रवाई करने के लिए पुलिस मौके पर करीब सवा घंटे देर से पहुंची। पुलिस ने जुगाड़ ऑटो चालक से लाइसेंस या आरसी मांगी, लेकिन उसके पास ये सब नहीं होने पर उसके खिलाफ बूथ मालिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जुगाड़ ऑटो चालक के खिलाफ धारा 279, 336, 427 व मोटर व्हीकल एक्ट 192 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शहर में करीब 500 से ज्यादा जुगाड़ ऑटो सुबह से लेकर देर रात तक चलते हैं। यहां तक कि मंडियों से संबंधित ज्यादातर काम इन्हीं के जरिए किया जाता है। मौके पर पुलिस व आरटीए के कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक मौजूद होते हैं लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होती। हादसे के बाद पुलिस जुगाड़ ऑटो को एक आॅटो रिक्शा के पीछे जुगाड़ करके बांधकर थाने ले गई।
वीटा बूथ मालिक ने कहा - शिकायत करने के डेढ़ घंटे बाद आई पुलिस, केस दर्ज किया
पहले रेहड़ी से टकराता तो हो सकता था हादसा: बूथ मालिक
बूथ मालिक इंद्रजीत गुप्ता ने बताया कि उनकी बूथ से पहले रेहड़ी थी और उसके ऊपर गैस चूल्हे पर काम चल रहा था। अगर जुगाड़ ऑटो उसमें जा टकराता तो भयानक हादसा हो जाता और जान जा सकती थी। गनीमत रही कि उसमें नहीं टकराया। सेक्टर-19 चौकी इंचार्ज सुशील कुमार ने बताया कि कोर्ट में होने की वजह से थोड़ी देर से मौके पर पहुंचे। घटना के तुरंत बाद पीसीआर पहुंच गई थी। केस दर्ज कर लिया है।