शुक्रवार को हरियाणा के भिवानी बोर्ड के 12वीं का रिजल्ट जारी हुआ। पिछले साल की तरह इस साल भी लड़कियों ने बाजी मारी है। लड़कों का पास प्रतिशत जहां 57.58 प्रतिशत रहा। वहीं, लड़कियों का पास प्रतिशत 73.44 प्रतिशत रहा। पास होने वाले स्टूडेंट्स की संख्या में लड़कियां लड़कों से 15.86 प्रतिशत आगे रहीं। डीईओ एचएस सैनी ने बताया कि पंचकूला जिले के कुल 38 सीनियर सेकंडरी स्क्ॅल के 2604 स्टूडेंट्स ने एग्जाम में हिस्सा लिया। इनमें से कुल 1519 विद्यार्थी ने परीक्षा उत्तीर्ण की। जिले के 690 स्टूडेंट्स की विभिन्न विषयों में कम्पार्टमेंट आई है। जिले के 391 स्टूडेंट्स परीक्षा में फेल हो चुके हैं और 690 स्टूडेंट्स की कम्पार्टमेंट आई है। राज्य में 58.33 प्रतिशत के साथ पंचकूला जिले का 13वां स्थान है। जबकि रेवाड़ी का 72.43 प्रतिशत के साथ पहला और 70.40 प्रतिशत के साथ कैथल जिले का दूसरा स्थान है। डीईओ ने बताया कि इनमें सरकारी स्कूलों का परिणाम 65.67 प्रतिशत रहा।
इसके अलावा शहर के अलग-अलग प्राइवेट स्कूलों का परिणाम 63.17 प्रतिशत रहा। पिछले साल के मुकाबले इस बार 1.99 प्रतिशत स्टूडेंट्स का पास प्रतिशत कम रहा। पंचकूला जिला राज्य में 13वें और खराब प्रदर्शन करने वाले जिलों में 7वें स्थान पर रहा।
49,163 स्टूडेंट्स की कम्पार्टमेंट: भिवानी बोर्ड की परीक्षा में राज्य में कुल 2,22,388 स्टूडेंट्स ने रजिस्ट्रेशन करवाया था और इनमें से 1,41,973 पास हुए हैं। वहीं, 49,163 स्टूडेंट्स की कम्पार्टमेंट आई है और 31,252 स्टूडेंट्स फेल रहे। परीक्षा में 1,24,242 लड़कों ने परीक्षा दी थी, जिसमें से 70,936 पास हुए । वहीं, 98,146 लड़कियों में से 71,037 पास हुईं हैं।
शहर के 2604 में से 1519 स्टूडेंट्स ही हुए पास
ये रहे हैं पिछले एग्जाम के आंकड़े...
आंकड़ों के मुताबिक पिछले एग्जाम में वर्ष 2012 में 64, 2013 में 54.8, वर्ष 2014 में 74.1, वर्ष 2015 में 77.1, वर्ष 2016 में 59 और वर्ष 2017 में 60.31 प्रतिशत परिणाम रहा रहा। वर्ष 2017 में भी राज्य में पंचकूला का तेरहवां स्थान रहा था। वर्ष 2017 में 1258 लड़कों और 1266 लड़कियों ने एग्जाम दिया था। इनमें से 620 लड़कों और 902 लड़कियों ने एग्जाम पास किया था। लड़कों का पास प्रतिशत 49.28 प्रतिशत और लड़कियों को 71.25 प्रतिशत रहा।
संस्कृति मॉडल स्कूल का रिजल्ट 100 प्रतिशत पंचकूला के सेक्टर-20 में स्थित संस्कृति मॉडल सीनियर सेकंडरी स्कूल का इस बार 12वीं में 100 प्रतिशत रिजल्ट रहा। स्कूल की प्रिंसिपल रेणु गुप्ता ने बताया कि स्कूल के कुल 83 स्टूडेंट्स में से 66 स्टूडेंट्स ने फ़र्स्ट डिविजन हासिल की है और बाकी 17 स्टूडेंट्स पास रहे।