कर्नाटक में सरकार गठन करने में वहां के राज्यपाल पर संविधान की अवहेलना करने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पार्टी ने शुक्रवार को रोष प्रदर्शन किया। माजरी चौक पर हुए प्रदर्शन का नेतृत्व हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कोषाध्यक्ष तरूण भंडारी ने किया। प्रदर्शन के अंत में मोदी सरकार की संदिग्ध भूमिका के लिए प्रधानमंत्री का पुतला फूंका गया। तरूण भंडारी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने अलग-अलग राज्यों में सरकारें बनाने के लिए अलग-अलग मापदंड निर्धारित किए हुए हैं। बिहार, गोवा, मेघालय आदि राज्यों में सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने की बजाए गठबंधन को बुलाया गया। कर्नाटक में इसके उलट भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी होने के कारण सरकार बनाने का न्योता दिया गया, जबकि गठबंधन के पास पूर्ण बहुमत था। इससे स्पष्ट होता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्यपालों को अपनी कठपुतलियों के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। भाजपा के कुशासन में लोकतंत्र सबसे बुरे दौर से गुजर रहा है। कर्नाटक में भाजपा ने जनमत की हत्या कर सरकार बनाने का जो अनैतिक कार्य किया है उसकी जितनी निन्दा की जाए कम है। मोदी सरकार में जरा भी नैतिकता नहीं बची है और वो सत्ता हथियाने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रही है।