पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • ट्रेन गुजरने के बाद खुला ही नहीं ढकोली का फाटक, डेढ़ घंटे तक फंसे रहे लोग

ट्रेन गुजरने के बाद खुला ही नहीं ढकोली का फाटक, डेढ़ घंटे तक फंसे रहे लोग

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सिटी रिपोर्टर|जीरकपुर/पंचकूला

ढकोली का इलेक्ट्रॉनिक रेलवे फाटक महीने में कई बार खराब हो रहा है। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे इस फाटक को ट्रेन के गुजरने से पहले बंद किया गया। फाटक के दोनों तरफ वाहन चालक रुक गए और ट्रेन के गुजरने का इंतजार करने लगे। ट्रेन के गुजरने के बाद जब गेटमैन नैब सिंह ने फाटक खोलने की कोशिश की तो वह खुला ही नहीं। उसका एक पोल जाम हो गया। इससे फाटक के दोनों तरफ खड़े वाहन चालक करीब दो घंटे तक परेशान होते रहे और फाटक के खुलने का इंतजार करते रहे। इस दौरान वहां लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। काफी देर तक इंतजार करने के बाद भी जब फाटक नहीं खुला तो लोग वापस मुड़ने लगे और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल कर लंबा रास्ता तय कर गंतव्य तक पहुंचे। फाटक को ठीक करने के लिए घग्गर से रेलवे के इलेक्ट्रीशियन आए, लेकिन रात करीब 6.30 बजे तक फाटक नहीं खुल पाया। यहां तैनात गेटमैन नैब सिंह ने बताया कि यह फाटक कारगर नहीं है। इससे पहले जो हाथ से घुमाकर खाेलने वाले फाटक थे, वो ठीक थे। यह इलेक्ट्रिकल फाटक महीने में कई बार खराब हो जाता है। इस बारे में अफसरों को शिकायत दे रखी है।

गेटमैन बोला-इससे तो हाथ से घुमाकर खोलने वाले फाटक अच्छे थे...

रेलवे को लिखा है लेटर: एनके शर्मा

विधायक एनके शर्मा का कहना है कि हमने ढकोली के इस रेल फाटक को ही नहीं, बल्कि बलटाना के हरमिलाप नगर रेल फाटक को भी अंडरपास बनाने के लिए रेलवे को लिखा है। अंडरपास ही इसका एकमात्र उपाय है।

रेलवे अफसर बोले-कभी कभी आ जाती है खराबी

घग्घर रेलवे स्टेशन के एएसएम संजीव ने बताया कि ढकोली का रेल फाटक ठीक कर दिया गया है। फाटक दिन में कई बार बंद होता है। खोला जाता है, इसलिए कभी कभार खराबी आ जाती है। करीब आधा घंटा फाटक बंद रहा। टीम भेज दी थी। अब फाटक ठीक हो गया है।

अंडरपास बनने से हल होगी समस्या...

रोजाना हजारों लोगों के लिए परेशानी बने ढकोली के रेल फाटक की जगह अंडरपास बनने का पब्लिक बेसब्री से इंतजार कर रही है। इस काम में देरी होने से यहां से निकलना लोगांे के लिए मजबूरी बना है। हालत यह है कि सुबह के समय यहां से गुजरने वाले लोगांे को करीब आधा घंटा यहां लगने वाले जाम को देखकर चलना पड़ता है। इसे अगर अंडर पास बना दिया जाय तो यह पब्लिक के लिए बड़ी राहत की बात होगी। पब्लिक की मांग है कि इस जगह जल्द से जल्द रेलवे अंडरपास बनाया जाए, ताकि लाेगों की परेशानी खत्म हो। इसके अलावा विधायक एनके शर्मा ने भी इस बारे में रेलवे को लेटर लिखा है कि यहां अंडरपास बनाया जाए।

लोग बोले-महीने में कई दिन रहता है खराब

ढकोली की परमजीत कौर ने कहा कि यह फाटक महीने में कई बार खराब हो जाता है। इससे पब्लिक परेशान हो रही है। रेलवे को चाहिए कि अच्छी क्वालिटी के फाटक यहां लगाए। यहां भारी संख्या में लोग जाम में फंसे रहते हैं।

जतिन ने बताया कि ढकोली एरिया और आसपास की कई कॉलोनियों में रहने वाले लोगों के लिए यह फाटक परेशानी बना हुआ है। कभी इसे मेंटेनेंस के लिए बंद रखा जाता है तो कभी यह खराब होने के कारण बंद रहता है। कभी डबल रेल लाइन बनाने के काम के लिए तो कभी ट्रैफिक जाम के कारण यहां से गुजरना पब्लिक के लिए परेशानी बन जाता है।

खबरें और भी हैं...