एक लाख 48 हजार बच्चों को लगेगा मिज़ल्स रुबेला इंजेक्शन
2020 तक खसरे को खत्म करने का टारगेट
सिटी रिपोर्टर | पंचकूला
पंचकूला में 9 महीने से लेकर 15 साल तक के 1 लाख 48 हजार बच्चों को अब मिज़ल्स रुबेला इंजेक्शन लगाने का अभियान 25 अप्रैल से शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले विभाग की ओर से मंगलवार को मीटिंग भी की गई। इसमें बताया गया कि 25 अप्रैल से सभी स्कूलों, सरकारी अस्पतालों, आंगनबाड़ी सेंटर, आउटरीच एरिया पर 9 महीने से 15 साल तक की एज कैटेगिरी के 1 लाख 48 हजार 379 बच्चों को मिज़ल्स-रुबेला का टीका लगाया जाएगा। सिविल सर्जन डॉ. योगश शर्मा ने बताया कि पंचकूला में इस टीकाकरण अभियान के तहत भारत 2020 तक मिज़ल्स रुबेला, कान्जेनाइटल रुबेला सिन्ड्रोम को कंट्रोल किया जाएगा। इस टीकाकरण अभियान के तहत 9 महीने से लेकर 15 साल की उम्र तक के देश के लगभग 41 करोड़ बच्चों को कवर किया जाएगा। अभियान के दौरान बच्चों को मिज़ल्स रुबेला का एक टीका लगाया जाएगा।
घर घर जाकर नहीं लगाया जाएगा टीका: डॉ. योगेश शर्मा ने बताया कि घर-घर जाकर टीका नहीं लगाया जाएगा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने 9 महीने से 15 साल तक के बच्चों के लिए मिज़ल्स-रुबेला टीके की शुरुआत की है। साल 2014 में खसरे के कारण दुनिया भर में 134,200 मौतें हुईं, जिसमें से भारत में इसकी 36 फीसदी यानि 49,200 मौतें हुईं।