पंचकूला|वीरवार सुबह करीब 11 बजे नए कोच के ज्वाॅइन करने पर स्पोर्ट्स डिपार्टंमेंट के सभी कोच मिलकर सेक्टर 3 ताऊ देवीलाल एथलेटिक स्टेडियम के पेवेलियन में पार्टी कर रहे थे। हैरानी की बात यह है कि बैडमिंटन हॉल के बिजली के कनेक्शन की तार में कुंडी कनेक्शन लगाकर पार्टी करते समय साउंड सिस्टम भी चला रहे थे। मौके पर भास्कर टीम के पहुंचते ही सभी कोच ने पार्टी करना बंद कर पेवेलियन के अलग-अलग कोने में जाकर खड़े हो गए। हैरानी की बात यह है कि यह पार्टी डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर के कैबिन के ऊपर बने पेवेलियन में चल रही थी। मौके पर स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट का एक भी अधिकारी मौजूद नहीं होने की वजह से वह खुलेआम पार्टी कर रहे थे। आपको बता दें कि स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की ओर से एथलेटिक स्टेडियम का लाखों का बिजली बिल नहीं भरा गया है। ऐसे में बिजली निगम की ओर से काफी पहले वहां का बिजली का कनेक्शन काट दिया गया।
अब से ऐसा हुआ तो कार्रवाई करूंगा : स्पोर्ट्स ऑफिसर
डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स ऑफिसर धर्मेंद्र मेहता ने बताया कि स्टेडियम के पेवेलियन में पार्टी करना सही नहीं है। सभी कोच को वार्निंग दे दी गई है आगे से ऐसा करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मेहता ने बताया कि एथलेटिक स्टेडियम ही नहीं बल्कि क्रिकेट स्टेडियम, बैडमिंटन हॉल, मल्टीपर्पस हॉल कहीं भी पार्टी नहीं करें इसके लिए आज ही निर्देश जारी कर दिया है।