जनवरी से अब तक 16वीं बार हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वॉइंट के पास धरना
शाम 3 से 4 बजे तक रास्ता रहा बंद
सिटी रिपोर्टर | पंचकूला
बुधवार को प्रोफेशनल कम्प्यूटर संघ हरियाणा के सदस्यों ने सेक्टर 5 से लेकर हाउसिंग बोर्ड चौक तक पैदल मार्च निकाला। पंचकूला-चंडीगढ़ बॉर्डर पर इन लोगों को चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग कर रोक लिया। शाम को 3 बजे से लेकर 4 बजे तक यह रास्ता बंद रहा। लोगों को दूसरे रास्तों से आना और जाना पड़ा। शहर में हर हफ्ते कोई न कोई धरना-प्रदर्शन कर रहा है। सेक्टर-5 में धरना स्थल है। इसके बावजूद धरनाकारी हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वॉइंट के पास पहुंच जाते हैं और चंडीगढ़ से पंचकूला आने वाली मेन एंट्री को बंद कर देते हैं। पुलिस भी यहां बैरिकेडिंग कर देती है। 10 अप्रैल को होमगार्ड्स ने यहां पर 24 घंटे रास्ता बंद रखा था। इसके बावजूद प्रशासन और पुलिस अफसरों ने कोई सबक नहीं लिया।