एक्साइज विभाग की ओर से वीरवार को शहर के कुछ शराब ठेकों को सील कर दिया गया है। एक्साइज विभाग के कमिश्नर से मिले आदेश के बाद जिला स्तरीय कार्रवाई की गई है। इसके तहत विभाग ने सबसे पहले सेक्टर-1 माजरी चौक के पास का ठेका, सेक्टर-1 सूरज थिएटर के पास के ठेके सहित शहर में 4 ठेकों को सील कर दिया गया। एक्साइज विभाग की टीम ने यह कार्रवाई शाम 4 बजे की। हालांकि ठेका मालिकों का कहना है कि देर रात 12 बजे के बाद उनकी ओर से ठेका नहीं खोलकर रखा गया था। बावजूद इसके शिकायतकर्ता ने उनके खिलाफ विभाग को शिकायत दी है। वीरवार शाम कुछ शराब ठेकों के मालिकों ने एक्साइज विभाग के अधिकारी से मुलाकात की। जिसमें उन्होंने रात के समय ठेकों की व्यवस्था को चेक करने को कहा ताकि गलत शिकायतों पर कार्रवाई न हो। डीईटीसी अमित खंगवाल ने बताया कि शिकायत पर शहर के कुछ ठेकों को सील किया है। उनके खिलाफ विभाग के नियमों के मुताबिक कार्रवाई होगी।