सड़क और पानी की पाइपें तोड़कर लगा दिए टेलीकॉम कंपनी के जंक्शन बॉक्स
सेक्टर-10 में केबल डालने के लिए तोड़ी जा रही सड़क
सिटी रिपोर्टर | पंचकूला
सेक्टर-10 में सड़कों के किनारे खुदाई कर केबल डालने वाली कंपनी की लापरवाही के कारण सोमवार को यहां पानी की पाइप लाइन टूट गई थी। लोगों के घरों में शाम को पानी की सप्लाई नहीं पहुंची थी। एचएसवीपी की इंजीनियरिंग विंग की टीम ने पानी की लाइन को देररात ठीक किया। मंगलवार को लोगों के घरों में पानी आ सका। इसके बाद भी एक बड़ा सवाल यहां निगम पर खड़ा हो गया है, क्योंकि यहां सेक्टर में जगह-जगह पर सड़कों के कुछ हिस्से पर खुदाई कर जंक्शन बॉक्स को लगाया गया है। इसके चलते सड़क को तोड़ा गया है। सेक्टर 10 में रहने वाले पंचकूला नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष बीबी सिंघल ने बताया कि टेलीकॉम कंपनी की केबल डालने के लिए यहां कई जगह सड़क तोड़ दी गई है। गड्ढे बना दिए गए हैं। यहां पर केबल डालने वाली एजेंसी की ओर से जंक्शन बॉक्स को लगाया जा रहा है। इन्हें सड़क के हिस्से पर खोदकर लगाया जा रहा है। नॉर्म्स के हिसाब से इन जंक्शन बॉक्स को कहीं भी लगाने की परमिशन ही नहीं है। कई जगह तो इन्हें लोगों के घरों के पास लगाया जा रहा है तो कहीं सड़कों के किनारे। हाल ही में सेक्टरों में रीकार्पेटिंग को करवाया गया है। इस दौरान सड़कों को नुकसान पहुंचाया गया है। निगम अफसरों की ओर से कोई कार्रवाई ही नहीं की जा रही है।
हम जांच करेंगे: इस मामले में अब लोकल अर्बन बॉडीज के टेक्नीकल एडवाइजर विशाल सेठ ने कहा कि हमारी टीम जांच करेगी। यहां सभी नाॅर्म्स को चेक किया जाएगा। इसकेे बाद यहां सड़कों की हुई खुदाई को चेक किया जाएगा। इसकेे बाद निगम और एचएसवीपी दोनों से इस बारे में जवाब मांगा जाएगा।
3 लाख जुर्माना लगाया है: नगर निगम के कमिश्नर राजेश जोगपाल का कहना है कि मोबाइल कंपनी की ओर से सेक्टर 10 में पानी की पाइप तोड़ने की शिकायत मिली थी। निगम स्टाफ को भेजकर चैक कराया गया। कंपनी को किए गए नुकसान के लिए 3 लाख का जुर्माना जमा कराने के लिए कहा गया है। एचएसवीपी से नो ऑब्जेक्शन लेकर आने तक काम भी रूकवा दिया गया है।