- Hindi News
- National
- डीसी ऑफिस से 100 मीटर दूर गंदे पानी में पनप रहे मच्छर तो शहर में कैसे कंट्रोल होगा मलेरिया
डीसी ऑफिस से 100 मीटर दूर गंदे पानी में पनप रहे मच्छर तो शहर में कैसे कंट्रोल होगा मलेरिया
डीसी साहब आपके ऑफिस के आसपास मलेरिया का मच्छर नहीं पनपे इसके लिए इंतजाम कर लें, उसके बाद शहर वासियों के लिए उसके इंतजाम करवाएं ताकि लोग मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारी के शिकार नहीं हों। यह बात लोक सर्वहितकारी सोसायटी के प्रधान राकेश अग्रवाल ने ई-मेल के माध्यम से डीसी को कही। आपको बता दें कि पिछले एक महीने में डीसी ने मलेरिया की रोकथाम को लेकर दो बार मीटिंग ले चुके हैं।
हैरानी की बात यह है कि दो मीटिंग के बाद भी डीसी ऑफिस परिसर में ही पिछले काफी दिनों से पानी खड़ा हुआ है और उसमें मच्छर पनप रहे हैं लेकिन उसकी सफाई न ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से की जा रही और न ही प्रशासन उस पर कोई संज्ञान ले रहा। आपको बता दें कि अब तक मलेरिया के 6 मामले सामने आ चुके हैं और अगर जल्द ही प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग की ओर से मामले को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई तो यह संख्या बढ़कर 100 के पार भी जा सकता है। डीसी ऑफिस से महज 100 मीटर की दूरी पर सड़क के किनारे खाली जगह पिछले कई दिनों से पानी जमा है। पानी में धीरे-धीरे मच्छर पनप रहे हैं। ऐसे में डीसी ऑफिस के कर्मचारी व रोजमर्रा के लिए वहां पर काम के लिए आने वाले करीब हजार से ज्यादा लोग उसके शिकार हो सकते हैं। हैरानी की बात यह है कि वहां से जिला प्रशासन के तमाम अधिकारियों की गाड़ियां वहां से गुजरती हैं बावजूद इसके उनकी ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
इनकी भी है गलती: आपको बता दें कि जिला प्रशासन की ओर से डीसी ऑफिस की सफाई के लिए करीब आधा दर्जन से ज्यादा सफाई कर्मी रखे गए हैं। प्रशासन की ओर से डीसी ऑफिस बिल्डिंग व उसके परिसर की सफाई करवाने की जिम्मेदारी अलग-अलग सीनियर लेवल के कर्मचारियों को दी गई है। न ही कर्मचारी सफाई करवाने में कोई रूचि लेते और न ही सफाई कर्मी ठीक से काम करते हैं जिसकी वजह से गंदा पानी खड़ा रहता है।
यह कहा डीसी ने
डीसी मुकुल कुमार ने बताया कि अभी सीएमओ को बुलाकर जहां पर पानी जमा है वहां पर एंटी लारवा स्प्रे करवाने के लिए कहता हूं ताकि मच्छर नहीं पनपे। साथ ही सीएमओ को यह कहा हुआ है कि वह मलेरिया को लेकर पूरे जिले में जहां-जहां पानी खड़ा है वहां पर एंट्री लारवा स्प्रे करे और कहीं भी पानी खड़ा नहीं होने दें।