पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • डेढ़ करोड़ रुपए में बिका था पशु ठेका, दूसरी नीलामी में पिछले साल से 25 फीसदी कम लगी बोली

डेढ़ करोड़ रुपए में बिका था पशु ठेका, दूसरी नीलामी में पिछले साल से 25 फीसदी कम लगी बोली

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
तीन ठेकेदार ही बोली लगाने पहुंचे, दोनों बाजार से पंचायत को 49 लाख रुपए मिलेंगे

भास्कर संवाददाता | बोरगांव बुजुर्ग

डेढ़ करोड़ की बोली के साथ सुुर्खी बने बोरगांव बुजुर्ग का पशु बाजार ठेकेदार द्वारा एक चौथाई राशि जमा नहीं कराने पर निरस्त कर दिया गया था। बुधवार को पंचायत द्वारा पुन: नीलामी की गई। इसमें मात्र तीन ठेकेदार ही बोली लगाने पंहुचे। पंधाना के ठेकेदार ने सबसे अधिक 41 लाख 50 हजार रुपए बोली लगाई। सब्जी बाजार ठेका भी मात्र 7.50 लाख रुपए में जावेद बशीर ने लिया। यह पिछले साल से एक चौथाई कम है। बोली कम लगने से पंचायत प्रतिनिधि व ग्रामीण निराश दिखे। ठेका 50 सप्ताह के लिए नीलाम किया गया है।

पंचायत परिसर में बुधवार दोपहर सरपंच सुपड़ी बाई, सचिव रविंद्र महाजन, पंच व ग्रामीणों की उपस्थित में बोली प्रक्रिया शुरू की गई। 4 अप्रैल को हुई नीलामी में 7 ठेकेदारों ने भाग लिया था। गांव के मोनू महाजन बोली को एक करोड़ 51 लाख तक ले गए। हालांकि उसी समय अन्य ठेकेदारों व ग्रामीणों ने आशंका जता दी थी कि इस ठेके को निरस्त करना पड़ेगा। मोनू महाजन तय समय में एक चौथाई राशि जमा नहीं कर पाया और ठेका निरस्त हो गया। बुधवार को नीलामी में मात्र तीन ठेकेदारों ने ही भाग लिया। पंधाना के रवि चौहान ने पशु बाजार के लिए 41 लाख 50 हजार रुपए सर्वाधिक बोली लगाई। यह पिछले साल से करीब एक चौथाई कम है। पिछले साल यह ठेका 57 लाख रुपए में नीलाम हुआ था। सब्जी बाजार ठेका 7 लाख 50 हजार रुपए में जावेद बसीर दो दिया गया। ग्रामीण व्यंग्य करते हुए कहने लगे करोड़पति बनी पंचायत कुछ ही दिन में फिर रोड पति हो गई। पंचायत द्वारा ठेकेदार से 11 लाख रुपए तत्काल नकद जमा कराए गए हैं।

ठेकेदार से नोटरी कराई - नीलामी प्रक्रिया के बाद पंचायत द्वारा नियम व शर्तों की नोटरी कराई गई। पंधाना से अधिवक्ता ने पंचायत व ठेकेदार के बीच नोटरी द्वारा बाजार ठेके का अनुबंध किया।

पंचों ने मांगा आय-व्यय का ब्यौरा

पंच संजय रघुवंशी, विनय, सुनीता, मंशाराम, हिदायत उल्लाह आदि ने सरपंच-सचिव द्वारा पंचों को बताए बगैर पहला ठेका नीलाम करने पर नाराजी जताई है। उन्होंने बुधवार को सरपंच-सचिव को पत्र देकर चार बिंदुओं पर जानकारी मांगी है। इसमें पशु व सब्जी बाजार बगैर सूचना व सभा के नीलाम कैसे किया गया। दूसरा पहले बाजार की इतनी ऊंची बोली पर नीलाम करने और फिर निरस्त करने के बारे में पंचों व ग्रामीणों को अवगत क्यों नहीं कराया गया, तीसरा दूसरी बार नीलामी के लिए पंचों की सहमति या सभा क्यों नहीं ली गई तथा चौथा ठेका निरस्ती के कारण पंचायत कर्मी ने बाजार में कितनी वसूली की है इसकी जानकारी दी जाए। इनके अलावा पिछले साल नीलामी से मिले 57 लाख रुपए कहां खर्च किए इसका संपूर्ण विवरण भी मांगा है।

खबरें और भी हैं...