सिंगोट | पंधाना जनपद की एडीओ जिम्मी बाहेती ने शुक्रवार को ग्राम पंचायत गांधवा, सिंगोट, पोखर, पांगरा व जलकुआ पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी। गांधवा की दिव्यांग ममता बाई, सुमन बाई, कला बाई व कस्तूरी बाई ने बताया जनपद सदस्य गंगा बाई पति प्रेमलाल मोरे ने हमें प्रधानमंत्री आवास दिलाने के लिए 10 हजार रुपए ले लिए लेकिन आवास आज तक नहीं दिलाया। हम पंचायत में शिकायत करने गए तो कहा गया जनपद सदस्य से ही आवास मांगो। इसके अलावा गांधवा नर्सरी के मकानों में पानी नहीं आने की शिकायत की गई। सिंगोट पंचायत में मोहन पटेल ने शौचालय की नालियां अंडर ग्राउंड नहीं होने से दुर्गंध फैलने की शिकायत की। टांडा बस्ती में सीसी रोड निमार्ण की मांग की गई। इस्माइल खान ने घर के सामने बिजली पोल पर लटक रहे तारों से हादसे की आशंका जताई।