पंधाना | कलेक्टर विशेष गढ़पाले रविवार को पंधाना पहुंचे। उन्होंने कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। यहां प्याज खरीदी को लेकर किसान तीन दिन से हंगामा कर रहे थे। किसानों ने कलेक्टर से कहा व्यापारी हमारे घर से प्याज खरीदते हैं तो छह से सात रुपए भाव देते हैं। लेकिन यही प्याज हम मंडी लाते हैं तो दो से तीन रुपए भाव दिया जा रहा है। इस पर कलेक्टर ने व्यापारियों से किसानों को उपज का सही भाव देने को कहा। किसानों ने कलेक्टर को अन्य समस्याएं भी बताई। उन्होंने कहा मंडी में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं है। कैंटीन भी नहीं है। हमें पानी के लिए कैन बुलवानी पड़ रही है। इस पर कलेक्टर ने मंडी सचिव को पेयजल व्यवस्था दुरूस्त करने और किसानों की समस्याएं दूर करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीएम उषा सिंह, तहसीलदार और थाना प्रभारी राधेश्याम मालवीय भी मौजूद थे।