पंडरिया|जनपद पंचायत के सामान्य प्रशासन समिति की बैठक शुक्रवार को हुई। जिसमें रेलवे संघर्ष समिति द्वारा की जा रेलवे लाइन के रूट परिवर्तन की मांगों का समर्थन किया गया। बैठक में स्वीकृत प्रस्ताव में कहा गया है कि वर्तमान सर्वे में ब्लॉक के बहुत बड़े क्षेत्र को लाभ नहीं मिल रहा है। रेल लाइन केवल पंडरिया को छूकर गुजर रही है। जबकि पुराने सर्वे में रेल लाइन ब्लॉक के बीच से गुजर रही थी। इसके साथ ही बोडला, पोड़ी, पांडातराई, पंडरिया की बड़ी आबादी को लाभ मिल रहा था। इसके अलावा लोरमी ब्लॉक को भी लाभ हो रहा था। समिति ने पुराने सर्वे के आधार पर रेल लाइन बनाए जाने का प्रस्ताव किया है। इस प्रस्ताव को सीएम डॉ रमन सिंह व सांसद अभिषेक सिंह को भेजा जाएगा। बैठक में रेललाइन को लेकर गंभीरता के साथ चर्चा की गई। इसे लेकर एकजुटता के साथ संघर्ष करने निर्णय लिया गया। बैठक में जनपद अध्यक्ष मधु बर्मा, उपाध्यक्ष प्रज्ञेश तिवारी, सभापति आनंद ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र वर्मा, दिनेश कोसरिया, पालेश्वर चंद्राकर, अयोध्या चंद्रवंशी मौजूद थे।