105 तरह के अनाज और बीज की लगाएंगे प्रदर्शनी
पंडरिया ब्लाॅक के दूरस्थ ग्राम पंचायत कांदावाणी के आश्रित गांव बाहपानी में बुधवार को बीज मेला आयोजन किया जाएगा। मेले में जंगल आधारित खाद सामग्री और 105 तरह के अनाज व बीज की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के बैगा बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
प्रदर्शनी में कुटकी, सवा, कांदा, मंडिया, आदि चीजों का प्रदर्शन किया जाएगा। बिना जोताई और रसायनिक खाद वाले फसल के तौर तरीकों के बारे में बताया जाएगा। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश से नरेश विश्वास आएंगे, जो बैगा समुदाय के खेती के तौर तरीकों की जानकारी देंगे। विलुप्त हो रहे बीज को कई राज्यों से खोज कर उसे पुनः स्थापित करने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।