पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

विकास के इतने गड्ढे, हर सड़क पर खतरा

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
चुनावी वर्ष लगभग शुरू हो चुका है। जिले में इस वर्ष से डिवेलपमेंट की बाढ़ आ गई है। सड़कें, पाइपलाइन, सिंगल, टेलीफोन, सौंदर्यीकरण, गैस पाइप से लेकर फुटपाथ तक के लिए शहर की सड़क खोद दी गई हैं। नगर निगम, पीडब्ल्यूडी विभाग, जन स्वास्थ्य विभाग, दूर संचार विभाग, जिला प्रशासन व विधायक सब विकास कार्य में लगे हैं। जगह-जगह कार्य निर्माण के लिए शहर की खुदाई कर दी है।

सबसे बड़ी दिक्कत ये है कि काम पूरा होने के बाद मलबा वहीं पड़ा रहता है। इससे शहर की खूबसूरती तो बिगड़ी ही है, मलबे के पास से गुजरने वाले वाहनों काे हर समय खतरा बना रहता है। जहां-जहां खुदाई चलती है वहां सांकेतिक बोर्ड तक नहीं लगाते विभाग के कर्मचारी। शहर में कई करोड़ों के कार्य चल रहे है। कई एरिया ऐसे हैं जिनमें बिना बरसात भी पानी भरा रहता है। मेयर सुरेश वर्मा ने बताया कि शहर में डिवेलपमेंट के लिए कार्य चल रहे हैं। उन्हें जल्द कार्य पूरा कर व मलबे को उठाया जाएगा।

सेक्टर-25 स्थित माटा पेट्रोल पंप के पास सीवर पाइप के लिए सड़क खोदी गई थी। लेकिन कार्य लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन 15 दिनों से सड़क के बीच गड्ढा खुला पड़ा है। इससे यहां से रोजाना गुजरने वाले वाहन चालकों को थोड़ा सतर्क होकर गुजरना पड़ता है। जरा सी लापरवाही की तो बड़ा हादसा हो सकता है।

काम पूरा होने के बाद भी खुला पड़ा है गड्‌ढा

बिना बारिश के भर जाता है सेक्टर-12 के गेट पर पानी

सेक्टर-12 स्थित इनेलो नेता सतबीर कादियान की कोठी के पास वाले सेक्टर के गेट के बाहर पानी भरा रहता है। बारिश में यहां 2-2 फीट पानी भर जाता है। बाइक चालक गिर भी जाते हैं। पानी निकालने का कार्य अभी तक शुरू भी नहीं हुआ। बरसात के बिना ही इतना पानी भरा होता है कि रोजाना गुजरने वाले यात्रियों की संख्या में कमी आ रही है।

रोजाना होते रहते हैं हादसे

सबसे व्यस्त चौराहे बबैल नाका के पास सड़क पर बहुत से गड्ढे बन गए हैं। ये गड्ढों इतने खतरनाक हो गए है। कि रोजाना छोटे हादसे होते रहते है। फरवरी माह में यहां एक ट्रक भी पलट गया था।

सेक्टर-24 में नहीं हुई मरम्मत

सेक्टर-24 मेन रोड की सड़क खस्ताहाल हो चुकी है। सेक्टर-24 में पिछले 6 माह से सड़क की मरम्मत तक नहीं हुई है। जिससे स्थानीय लोगों को संकरी सड़क पर फिसलने से चोट लगती रहती है। जरा भी चूके तो हादसा होना तय है।

हैंडलूम बाजार में बारिश में भर जाता है पानी

जीटी रोड स्थित एसडी कॉलेज के पास हैंडलूम बाजार में जरा सी बरसात आने पर ही सड़क पर पानी भर जाता है। हैंडलूम व्यापारियों ने बताया कि पानी न भरा हो तब भी वाहन चालक गिर ही जाते है क्योंकि सड़क में गड्ढे बने हैं। बरसात के समय में दुकानों में पानी भर जाता है। शहर में बरसात के मौसम में सबसे ज्यादा पानी इंसार बाजार और हैंडलूम बाजार में ही भरता है। इसकी वजह से कई दिनों तक व्यापारियों को दुकान बंद रखनी पड़ती है।

सेक्टर- 25 ट्रांसपोर्ट के पास 1 साल से सीवर लाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। कार्य धीमी गति से होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। कई सीवर ऐसे हैं जाे अभी तक खुले पड़े हैं। एक तरफ का रास्ता खुला है जिससे दोनों तरफ के वाहन गुजरते है। न ही कोई सांकेतिक बोर्ड विभाग ने लगाया है।

दोनों तरफ के गुजर रहे वाहन, नहीं है साइन बोर्ड

खबरें और भी हैं...