रोडवेजकर्मी बसें चलाकर करेंगे सरकार का विरोध, नहीं काटेंगे यात्री की टिकट
सरकार के फैसले से नाखुश हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ ने सरकार के खिलाफ विरोध जताने का नया तरीका अडॉप्ट किया है। रोडवेजकर्मी अब विरोध जताने के लिए न तो अब चक्का जाम करेंगे और न ही धरना प्रदर्शन। वह जापान के बस ड्राइवरों की तर्ज पर प्रदर्शन करेंगे। हड़ताल के दौरान ड्राइवर बसें तो चलाएंगे लेकिन, यात्रियों की टिकिट नहीं काटेंगे। इस प्रदर्शन का नाम फ्री राइड स्ट्राइक दिया गया है।
संघ के प्रधान शमशेर सिंह ने मंगलवार को बस स्टैंड स्थित कार्यालय पर हुई बैठक में बताया कि कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री ने सन 2016 में आउट सोर्सिंग पर लगाए गए 365 कर्मचारियों को हटाने के आदेश जारी कर दिए थे। संघ सरकार के इस फैसले का कड़ा विरोध करती है। कार्यकारिणी प्रधान रामनिवास रावल ने कहा कि जिस दिन हरियाणा सरकार चालकों को हटाने की कोशिश करेगी उसी दिन पूरे प्रदेश में भारतीय मजदूर संघ चक्का जाम न करके बसों को चलाएगा। इसमें सभी चालक-परिचालक अपने-अपने निर्धारित रूटों पर जाएंगे और अपनी ड्यूटी करेंगे। ताकि आमजन को किसी प्रकार की समस्या न हो। इस दिन लोगों को बिना किराए ही गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा।
हाथों पर बांधेंगे काली पट्टी : शमशेर सिंह ने बताया कि इस दौरान रोडवेज कर्मी हाथों पर काली पट्टी बांधकर रोष जाहिर करेंगे। हड़ताल और चक्काजाम से सबसे अधिक परेशानी आमलोगों को होती है। लेकिन, जापान से लिए गए विरोध के इस अनोखे तरीके से लोगों को असुविधा नहीं होगी। इससे प्रशासन का ही नुकसान होगा। इस दौरान कृष्ण नोहरा, वीरेंद्र शर्मा, सतपाल मलिक, ऋषिपाल, रिषी, रामेश्वर, विक्रम संधु, रितेश, सोनू, रमेश मलिक और विनोद राणा आदि मौजूद रहे।
पानीपत. हरियाणा परिवहन कर्मचारी संघ के डिपो प्रधान शमशेर मलिक रोडवेज हड़ताल के दौरान फ्री बस चलाने की बात कहते हुए। फोटो | भास्कर