जून तक 15 हजार प्रशिक्षुओं को सरकारी अर्ध सरकारी प्रतिष्ठानों में मिलेगा काम
भास्कर ने रिपोर्ट प्रकाशित की थी कि प्रदेश के युवा स्किल के मामले में पिछड़ रहे हैं।
इसकी वजह हर कक्षा के साथ ड्रॉप आउट का इजाफा और तकनीकी शिक्षा के खराब ढांचे के कारण स्किल युवाओं की सप्लाई पर्याप्त नहीं हो रही। अब हरियाणा सरकार ने ये फैसला लिया है कि हरियाणा कौशल विकास मिशन के तहत वर्ष 2018-19 में 1.15 लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा। यही नहीं कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के लिए 657.94 करोड़ रुपए के बजट का भी प्रावधान रखा है। जो गत वित्त वर्ष से 43.43 प्रतिशत अधिक है।
जून तक सरकारी व अर्ध सरकारी प्रतिष्ठानों में 15 हजार युवा प्रशिक्षुओं को काम प्रदान किया जाएगा। साल 2018-19 में गांव जाखल, सिकरोना, बराना, इंद्री, सहलांग, सतनाली, मुसेदपुर, हसनपुर, नहोनी, राई, नचरों, महाराजा जस्सा सिंह सफीदों, अलिका, खिजराबाद, जाखंदादी, खेवड़ा, जीवन नगर, सिसाय, दारसुल कलां और जुआं में 20 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भी स्थापित किए जाएंगे। विपुल गोयल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने केन्द्र सरकार से अनुरोध किया है कि वह प्रदेश की आईटीआई संस्थानों में 50 ट्रेडों में ड्यूल एजुकेशन मॉडल लागू करने की स्वीकृति प्रदान करें। प्रदेश सरकार ने दावा किया है कि हरियाणा शिक्षित बेरोजगार युवाओं के लिए हर महीने 100 घंटे का वैतनिक कार्य सुनिश्चित करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। पात्र स्नातकोत्तर और स्नातक उम्मीदवारों को 100 घंटे के कार्य के लिए 6,000 रुपए का मानदेय और स्नातकोत्तर उम्मीदवार को बेरोजगारी भत्ता के रूप में 3,000 रुपए और स्नातक उम्मीदवार को 1,500 रुपए वितरित किए जा रहे हैं। हरियाणा को केंद्र ने सर्वश्रेष्ठ राज्य के रूप में ‘चैंपियन ऑफ चेंज’ की उपाधि से भी नवाजा है।
भास्कर इम्पैक्ट
9 अप्रैल को प्रकाशित खबर
प्रदेशभर के 22 औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान होंगे अपग्रेड
22 राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में अंबाला शहर, भिवानी, खुद्दान, कुरुक्षेत्र, महेंद्रगढ़, नूह, पलवल, पंचकूला, पानीपत, रेवाड़ी, सिरसा, सोनीपत, टोहाना, यमुनानगर, चरखी दादरी, फरीदाबाद, गुरुग्राम, हिसार, जींद पुंडरी, करनाल और रोहतक को आदर्श आईटीआई में अपग्रेड करने का भी प्रस्ताव है। पलवल के दुधोला में विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय स्थापित किया जा रहा है।
कौशल विकास कोर्सों के लिए दाखिले 17 अप्रैल से शुरू
एचवीएसयू में सत्र 2018-19 में 10 नए पाठ्यक्रम शुरू किए गए हैं। 10 वीं से स्नातक पास युवा दाखिला ले सकते हैं। इन पाठ्यक्रमों में 17 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन के माध्यम से दाखिले शुरू हो जाएंगे। कौशल विश्वविद्यालय के माध्यम से इन युवाओं को डिप्लोमा व डिग्री का लाभ यह होगा कि आईटीआई पास बच्चा भी अपनी पढ़ाई जारी रखते हुए कंपनी में श्रमिक से लेकर कंपनी के सीईओ तक के पद प्राप्त कर सकता है।