पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Panipat
  • एक साल के लिए बढ़ाई प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की अवधि

एक साल के लिए बढ़ाई प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की अवधि

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बीपीएल परिवारों को मुफ्त में गैस कनेक्शन देने के लिए केंद्र सरकार की उज्ज्वला योजना को सरकार ने एक वर्ष के लिए बढ़ा दिया है। इस योजना का लाभ उठाने के लिए पहले 31 मार्च 2018 तक का समय था, जो अब 31 मार्च 2019 तक कर दिया है। जिले में इस योजना का लाभ उठाने से काफी परिवार वंचित रह गए थे, इन सभी बीपीएल परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन देने के प्रयास किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने 1 मई 2016 को प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना शुरू की थी। योजना का मुख्य उद्देश्य गरीब महिलाओं को मिट्‌टी के चूल्हे से आजादी दिलाना है। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में खाना पकाने के लिए उपयोग में आने वाले ईंधन की जगह एलपीजी के उपयोग को बढ़ावा देना है।

इस योजना के तहत प्रदेश में 31 मार्च 2017 तक कुल 2 लाख 78 हजार 751 बीपीएल परिवारों को कनेक्शन दिए गए थे। वहीं, अप्रैल 2018 तक 3 लाख 57 हजार 796 गैस कनेक्शन दिए जा चुके हैं। जिले में करीब 50 हजार बीपीएल परिवार हैं, जिनको यह मुफ्त गैस कनेक्शन मिलने थे। इसके लिए सरकार ने इस योजना का समय 31 मार्च 2018 तय किया था। इस अवधि तक इनमें से करीब 40 हजार परिवारों को ही इसका लाभ मिल पाया है। करीब 10 हजार परिवार अभी भी इस योजना का लाभ लेने से वंचित हैं, जिन्हें 31 मार्च का समय बीत जाने के बावजूद सभी पात्र परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन नहीं मिल पाए हैं।

20 अप्रैल को उज्ज्वला पंचायत

योजना का फायदा ज्यादा से ज्यादा लोगों को दिलाने के उद्देश्य से 20 अप्रैल को जिला स्तर पर उज्ज्वला पंचायत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें एक साथ हजारों लोगों को इस योजना के तहत गैस कनेक्शन वितरित किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी शुरू कर दी है। सभी तेल कंपनियों और गैस एजेंसियों को इसके लिए निर्देश भी दिए गए हैं।

तेल कंपनियों के पास करने होंगे आवेदन

जिन बीपीएल परिवारों ने अब तक इस योजना का लाभ नहीं लिया है, उनको लाभ लेने के लिए तेल कंपनियों को सीधे आवेदन करने होंगे। यह आवेदन जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग द्वारा सत्यापित किए जाएंगे। विभाग केवल आवेदनों को सत्यापित करेगा और तेल कंपनियों के पास भेज देगा। इसके बाद तेल कंपनियां इन लोगों को घर आकर गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाएंगी।

योजना में यह मिलता है लाभ : इस योजना के तहत सरकार की तरफ से बीपीएल परिवारों को सब्सिडी रेट पर गैस कनेक्शन उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। तेल कंपनियां इसके लिए 1650 रुपए ले रही हैं। इसमें 990 रुपए का चूल्हा, 660 रुपए की गैस की ही फीस वसूल की जा रही हैं। इसके साथ-साथ गैस रेगुलेटर, पाइप, गैस सिलेंडर और कनेक्शन की कॉपी भी दी जा रही है।

लोगों को जागरूक करने के लिए लगाएंगे शिविर

उज्ज्वला योजना की समय सीमा 31 मार्च 2019 तक बढ़ा दी है। जिले में इस योजना का लाभ लेने से काफी बीपीएल परिवार वंचित रह गए थे। इन्हें इस योजना का लाभ दिया जाएगा। इसके लिए सरकार की तरफ बजट भी अलॉट कर दिया गया है। तेल कंपनियां लोगों को जागरूक करने के लिए शिविर भी लगाए जाएंगे। -डॉ. अनीता खर्ब, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक।

खबरें और भी हैं...