दिवाना के पूर्व सरपंच के बेटे की हत्या के आरोप में 1 गिरफ्तार
पानीपत | दिवाना गांव में शुक्रवार रात शराब पार्टी के दौरान विवाद होने पर पूर्व सरपंच धर्मसिंह के 36 वर्षीय छोटे बेटे भोपाल की हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार रात एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। सोमवार को पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश करके पुलिस रिमांड लेगी। इससे पहले पुलिस ने रविवार को रोहतक मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। गांव में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया।
चांदनी बाग थाना प्रभारी सुरेश कुमार सैनी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दिवाना निवासी गोविंद पुत्र बलवान है। गोविंद के अलावा गांव के अमित, उसके भाई कुलदीप, पोली व राजकुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज हुआ था। सभी आरोपी शराब पार्टी कर रहे थे। इस दौरान विवाद होने पर भोपाल की हत्या कर दी थी। गोविंद से पूछताछ कर पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका के बारे में जांच कर रही है। प्रभारी ने बताया कि मामले में और जो भी दोषी होगा, उसे भी गिरफ्तार किया जाएगा। गौरतलब है कि आरोपी अमित भोपाल को घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद उसकी हत्या कर दी गई थी।