आम आदमी पार्टी (आप) वालों को ही टोपी पहना गए पार्षद देव मलिक। रविवार को आप नेताओं-कार्यकर्ताओं के साथ ही मोहननगर में डीजे वाला भी इंतजार करता रह गया। 17 मई को दोपहर 3 बजे भाजपा नेताओं को खरी-खोटी सुनाकर 5 घंटे बाद ही देव मलिक ने रोहतक में आप की टोपी पहनी थी। लेकिन 48 घंटे बाद ही टोपी उतार दी और यह कहकर फिर से भगवा झंडा तले पहुंच गए कि पब्लिक के काम कराने जरूरी हैं। अब जब भाजपा के सीनियर नेताओं ने काम कराने का आश्वासन दिया है तो आप में आने का मतलब नहीं। हालांकि, उन्होंने माना कि मान सम्मान नहीं मिलने के कारण ही वह आप में चले गए थे।
रविवार को बबैल रोड मोहननगर में पार्टी कार्यालय खोलने की भी तैयारी थी। इसके लिए डीजे वाले सहित अन्य इंतजाम भी हो गए थे, लेकिन सुबह से ही मलिक का फोन बंद हो गया। इस बारे में देव मलिक ने कहा कि जब शनिवार की शाम विवाद ही खत्म हो गया तो अपने आप सारा कार्यक्रम बदल गया।
कहा था, 20 को कार्यकर्ता सम्मेलन करूंगा : आप के प्रदेश सह-संगठन मंत्री शोएब आलम ने कहा कि 17 मई की रात को ही देव मलिक ने रोहतक में लोकसभा करनाल क्षेत्र के अध्यक्ष व प्रदेश संगठन मंत्री अनूप संधु, प्रदेश संगठन मंत्री पंडित ओम नारायण, पानीपत जिला अध्यक्ष जयप्रकाश गर्ग और खुद शोएब आलम के सामने आप की टोपी पहनी। आलम ने कहा कि देव मलिक ने 20 मई को कार्यकर्ता सम्मेलन की बात भी कही थी। आप के लोग तो तैयारी में थे, लेकिन सुबह से मलिक का मोबाइल ही बंद हो गया।