रेलवे रोड वन-वे करने के दूसरे दिन पीली पट्टी के बाहर पार्किंग व रॉन्ग साइड आ रहे 50 वाहनों के चालान काटे
रेलवे रोड को वन-वे करने के दूसरे दिन ही गलत दिशा में आ रहे वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती बरतनी शुरू कर दी। शनिवार को दोपहर करीब दो बजे तक वन-वे का असर नहीं दिखा। इसके बाद बाबरपुर ट्रैफिक थाना प्रभारी महेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर रॉन्ग साइड आ रहे वाहनों और पीली पट्टी के बाहर वाहन पार्किंग करने के वालों पर कार्रवाई करते हुए करीब 50 चालान काटे। पुलिस ने व्यापारियों के सहयोग से रेलवे रोड पर 24 सांकेतिक बोर्ड लगाए हैं। इसमें रोड के वन-वे होने के अलावा पीली पट्टी के अंदर वाहन खड़े करने, दुकानदारों को दुकान के बाहर अतिक्रमण नहीं करने आदि के निर्देश दिए गए हैं। एसबीआई के बाहर भी एक सांकेतिक बोर्ड लगाया गया है। जिसमें बैंक के बाहर वाहनों को खड़ा करने की बजाय फ्लाइओवर के नीचे पार्किंग करने की हिदायत दी गई है। प्रभारी महेंद्र ने बताया कि रेलवे रोड पर रॉन्ग साइड के 40 व रॉन्ग पार्किंग के 10 चालान काटे गए।
एक्शन
वन-वे करने के बाद गलत दिशा में आ रहे वाहनों के खिलाफ पुलिस ने की सख्ती बरतनी शुरू, 24 सांकेतिक बोर्ड लगाए हैं
पानीपत. ट्रैफिक इंचार्ज रेलवे रोड प्रधान अनिल मदान से वन-वे को लेकर चर्चा करते हुए।
वन-वे से 90 प्रतिशत दुकानदार खुश : प्रधान
संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान व रेलवे रोड के प्रधान अनिल मदान ने कहा कि वन-वे होने से 90 प्रतिशत दुकानदार खुश हैं। वन-वे को सफल बनाने के लिए प्रशासन को ही निरंतर काम करना होगा। शनिवार को रेलवे रोड पर पुलिसकर्मी नहीं थे, इसलिए दोनों ओर वाहन चलते रहे। प्रभारी ने आगे से पुलिस की ड्यूटी लगाने की बात कही है। दुकानदार दुकान से नाली तक (दो फीट) ही सामान रख सकेंगे। इसके लिए उन्हें बता दिया गया। शनिवार को भी राउंड करके दो-तीन दुकानों के बाहर रखा सामान अंदर कराया है। सोमवार से डीसी को ऐसे दुकानदारों के चालान काटने के लिए कहेंगे।
ओवरस्पीड दौड़ रहे 24 वाहनों के चालान काटे
पानीपत| ट्रैफिक पुलिस ने जीटी रोड पर शनिवार को यातायात के नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। निर्धारित गति सीमा से अधिक गति में वाहन दौड़ा रहे 24 वाहनों के चालान काटे। यातायात के नियमों की प्रति जागरूक किया। प्रभारी इंस्पेक्टर महेंद्र सिंह ने बताया कि विभिन्न स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान ओवर स्पीड वाहन चालकों पर विशेष नजर रही। जीटी रोड़ पर 24 वाहन चालकों के चालान किए गए। इस मौके पर वाहन चालकों को यातायात के नियमों की प्रति जागरूक भी किया गया। हिदायत दी गई कि अगली बार पकड़े जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।