नियम134ए : दाखिलों के लिए 6516 सीटों पर 2032 विद्यार्थी आज देंगे परीक्षा
134ए के तहत मुफ्त दाखिला पाने के लिए जिला के 9 सेंटरों पर 2032 विद्यार्थी रविवार को परीक्षा देंगे। इसमें 55 प्रतिशत या इससे ज्यादा अंक पाने वलो विद्यार्थियों को दाखिलों के लिए योग्य माना जाएगा। परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सभी परीक्षा केंद्रों पर एक-एक सुपरिटेंडेंट नियुक्त किया गया है। परीक्षा सुबह 9 बजे शुरू हो जाएगी, लेकिन इससे पहले 8 बजे तक ही सभी विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्रों में प्रवेश करवा दिया जाएगा। पानीपत खंड शिक्षा अधिकारी सतपाल सिंह ने बताया कि जो अभिभावक अब तक किसी कारण से अपने बच्चों के रोल नंबर नहीं पा सके हैं, वे रविवार सुबह 7 बजे तक बीईओ कार्यालय में पहुंचकर अपने बच्चों के रोल नंबर प्राप्त कर सकते हैं। यह सुविधा जिला के सभी बीईओ कार्यालयों में रहेगी। माॅडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल जीटी रोड पानीपत में 2 से 8वीं तक के लिए 4 सेंटर, 9वीं से 12वीं के लिए राजकीय कन्या स्कूल मॉडल टाउन में एक, 2 से 12वीं तक राजकीय विद्यालय भापरा रोड समालखा, राजकीय विद्यालय मतलौडा, राजकीय विद्यालय बापौली व राजकीय विद्यालय इसराना में एक-एक सेंटर बनाया गया है।
यह है सीटाें की संख्या: पानीपत खंड में 4163, समालखा में 1100, इसराना में 750, मतलौडा में 450, बापौली में 55 सीट हैं। इन्हें मिलाकर 6516 बनती हैं। इनमें दाखिले के लिए पानीपत खंड में 1200, समालखा में 475, इसराना में 180 मतलौडा में 152 व बापौली में 25 को मिलाकर 2032 आवेदन जमा हुए हैं।