पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Panipat
  • डेढ़ लाख की जेवेलिन खरीदने को नहीं थे पैसे, आठ हजार वाली से की प्रैक्टिस, आज देश का सबसे बड़ा स्टार बना खंडरा का नीरज

डेढ़ लाख की जेवेलिन खरीदने को नहीं थे पैसे, आठ हजार वाली से की प्रैक्टिस, आज देश का सबसे बड़ा स्टार बना खंडरा का नीरज

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | पानीपत/थर्मल

डेढ़ लाख रुपए की कीमत वाली जेवेलिन न खरीद पाने के कारण नीरज चोपड़ा ने 8 हजार की जेवेलिन खरीदकर अभ्यास करना शुरू किया और अब देश का स्टार बन गया। कॉमनवेल्थ गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने के बाद जिले के खंडरा गांव के नीरज ने अपने चाचा भीम सिंह को बताया कि देश में जेवेलिन को नई पहचान दिलाना ही अब उसका लक्ष्य है। नीरज ने कहा कि जेवेलिन ऐसा खेल है जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ी अच्छा दमखम दिखा सकते हैं। चाचा भीम ने बताया कि नीरज को कबड्डी खेलने का शौक था। वजन ज्यादा था इसलिए माॅडल टाउन स्थित शिवाजी स्टेडियम में भेजना शुरू किया। वहां बिंझौल के जयवीर ने उसे जेवेलिन के लिए सुझाया। पहले नीरज को लगा कि वह ऐसा नहीं कर पाएगा।

लेकिन दोस्त जयवीर की सलाह से उसकी किस्मत बदल गई। 12 वर्ष की उम्र में नीरज का वजन करीब 80 किलोग्राम था, मगर उन्होंने 17 किलो वजन कम किया। कोच नसीम अहमद ने बताया कि तेजी से जेवेलिन फेंकने की क्वालिटी ने ही नीरज को चैंपियन बनाया। चोट के कारण रियो ओलंपिक का टिकट पाने में विफलता ने नीरज को तोड़ दिया था। अंडर-20 व‌र्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में बेमन से भागीदारी करने गया तो रात को पोलैंड से फोन किया तो चाचा भीम सिंह उसकी स्थिति समझ गया।

उन्होंने अपनी हरियाणवी बोली, निज्जू बाजरा आला हांग्या ला दे (बाजरा खाकर आने वाली ताकत लगा दो)। तब नीरज ने दूसरे प्रयास में 86.48 मीटर जेवेलिन थ्रो कर व‌र्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला।

संघर्ष की कहानी
12 की उम्र में था 80 किलो वजन,17 किलो कम कर खुद को बनाया फिट, तेजी से भाला फेंकने की क्वालिटी ने बनाया चैंपियन
कोच के साथ नीरज चोपड़ा।

2011 के बाद से हर प्रतियोगिता में जीता मेडल
2011 में पहली बार जेवेलिन उठाया। ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी में नया रिकार्ड 81.04 मीटर कायम करते हुए सोना जीता । नेशनल रिकाॅर्ड अंडर-16 में 68.48 मी. पर लक्ष्य साधा। सीनियर इंटर स्टेट चैंपियनशिप में गोल्ड और 77.67 मीटर, जूनियर नेशनल मीट में रिकाॅर्ड 76.81 मीटर, जूनियर फैडरेशन कप में गोल्ड मेडल, नेशनल ओपन चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल और 77.67 मीटर यूथ एशियन एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक, नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 6 स्वर्ण पदक, अंडर-16 व 18 नेशनल एथलेटिक्स प्रतियोगिता में मीट रिकॉर्ड, यूथ नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक, नार्थ जोन एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 1 स्वर्ण और 2 रजत पदक प्राप्त कर चुका है। सैफ खेलों में भी 82.23 मीटर के थ्रो से कीर्तिमान बनाया। नीरज ने अभी तक जितनी भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं मंे हिस्सा लिया उनमें गोल्ड ही जीता। 2016 में वर्ल्ड जूनियर चैंपियनशिप, एशियन चैंपियनशिप 2017, साउथ एशियन गेम्स 2016 आदि सभी में गोल्ड जीता है।

खबरें और भी हैं...