पानीपत के 5 गांवों को किया जाएगा धुआं रहित
भास्कर न्यूज | करनाल/पानीपत
पानीपत के 5 गांवों को चिह्नित कर लिया है, जो धुआं रहित होंगे। इन गांवों में प्रत्येक घर में गैस सिलेंडर होगा। ऑयल कंपनियों का पूरे हरियाणा को धुआं फ्री करने का लक्ष्य है, लेकिन अभी तक 235 गांवों की पहचान कर ली गई है। 24 अप्रैल तक सभी घरों में सिलेंडर पहुंच जाएंगे और 5 मई को विधिवत रूप से घोषणा की जाएगी।
यह दावा एलपीजी सेल्स के जीएम उदय कुमार ने किया और बताया कि गैस लीकेज में उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। 1906 टोल फ्री नंबर पर कॉल करें। दो घंटे के अंदर समस्या का हल हो जाएगा।
जीएम उदय कुमार और करनाल एरिया मैनेजर समीर शुक्ला ने बताया कि जो 235 गांवों धुआं फ्री करने में चिह्नित किए हैं, उनमें यमुनानगर के 46 गांव, सिरसा, फतेहाबाद के 29-29 गांव, करनाल, कैथल के 16-16 गांव, पानीपत के 5, पंचकूला के 2, अंबाला के 27, कुरुक्षेत्र के 12, सोनीपत के 2, जींद के 4, हिसार के 12, भिवानी के 8 गांव शामिल हैं।