Rs.5 हजार पर हुआ था झगड़ा, सतीश को गोली मारी, पीछे हटा तो 13 साल के किशोर को लगी
कच्चा कैंप सब्जी मंडी में मंगलवार रात 13 साल के किशोर को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मॉडल टाउन थाना एसएचओ अमित कुमार ने बताया कि आरोपी उग्राखेड़ी का अनूप, मोनू व मध्य प्रदेश का रिंकू है। रिंकू आरोपी अनूप के घर किराए पर रह फैक्ट्री में काम करता है। फैक्ट्री में बिहार के आरा जिले के गांव बेताड़ी का सतीश भी कार्यरत था। सतीश ने एक अन्य साथी के माध्यम से रिंकू को पांच हजार रुपए उधार दिए थे। अब सतीश रिंकू से रुपए मांगने लगा था। इसको लेकर दोनों में झगड़ा हो गया था। रिंकू ने घर आकर मकान मालिक अनूप को बात बताई। अनूप, उसका साथी मोनू व रिंकू मिलकर सतीश के घर पहुंचे। मोबाइल पर बात करके लोकेशन पूछ ली। आचार फैक्ट्री के पास तीनों ने सतीश से मारपीट की। इस दौरान लोग एकत्र हो गए और आरोपी को पकड़ने लगे। अनूप ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से सतीश पर 3 फायर किए। सतीश के पीछे हटने से गोली आचार फैक्ट्री के पास रहने वाले राजू के 13 वर्षीय बेटे रोशन को लगी। आरोपी फैक्ट्री में छुप गए। बाद में पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर पिस्तौल बरामद किया था।