23 डिपो में जरूरत के अनुसार भेजे 1629 ड्राइवर, मेडिकल करवाकर ले रहे जाॅइनिंग
हरियाणा रोडवेज द्वारा एचएसएससी द्वारा घोषित परिणाम के बाद 1629 ड्राइवरों को डिपो आवंटित कर दिए हैं। जो मेडिकल करवाकर जाॅइनिंग में लगे हैं। फरीदाबाद डिपो को सबसे ज्यादा 15 फीसदी 244, गुड़गांव को 192 और दिल्ली को सबसे कम दो व नूंह को 11 ड्राइवर मिले हैं। जींद व कुरुक्षेत्र को 100-100 से ज्यादा ड्राइवर भेजे गए हैं।
रोडवेज विभाग ने ड्राइवरों को मेरिट लिस्ट के अनुसार बुलाकर काउंसलिंग के आधार पर डिपो बांटे गए। पंचकूला सेक्टर-5 के किसान भवन में मेरिट में 1 से 400 तक वाले ड्राइवरों को नौ अप्रैल, 401 से 800 तक वाले ड्राइवरों को 10 अप्रैल, 801 से 1200 तक वालों को 11 अप्रैल व 1201 से 1629 वालों 12 अप्रैल को डिपो दिए गए। रोल नंबर 1704045900 को डिपो नहीं दिया गया। क्योंकि इस रोल नंबर का रिजल्ट को अभी रोका गया है। आईएएस विकास गुप्ता ने बताया कि जिस डिपो में जितनी जरूरत थी। उसको डिपो अनुसार लिया गया था। सीटों के अनुसार ही काउंसलिंग करके नियम के तहत डिपो बांटे गए हैं।
जिन्होंने पैसे दे रखे थे उनकी रुकी थी सांसें : रोडवेज ड्राइवरों को तीन से चार लाख रुपए लेकर भर्ती करने के आरोप में आठ लोगों को पंचकूला में पकड़ा गया है। इसमें बोर्ड में काम करने वाले अधिकारी शामिल हैं। इस कार्रवाई के बाद उन पात्रों की सांसें रुकी थी जो पैसे देकर भर्ती हुए थे। उन्हें अपनी ज्वानिंग रुकने का भय था।
फरीदाबाद को सबसे ज्यादा 244 दिल्ली डिपो को मात्र 2 ड्राइवर मिले
कितने नवनियुक्त ड्राइवरों को कौन-सा डिपो मिला
डिपो ड्राइवर
फरीदाबाद 244
दिल्ली 2
गुड़गांव 192
नूंह 11
जींद 106
दादरी 28
कुरुक्षेत्र 105
रोहतक 34
भिवानी 90
सिरसा 35
झज्जर 90
पलवल 38
हिसार 83
रेवाड़ी 43
करनाल 71
पानीपत 46
अम्बाला 69
सोनीपत 50
चंडीगढ़ 65
कैथल 50
यमुनानगर 63
फतेहाबाद 57
नारनौल 57
225 सीटों की सुनवाई 25 अप्रैल को होगी
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में सीडब्ल्यूपी 400/2018 केस नंबर चला है। इसकी सुनवाई 25 अप्रैल को होनी है। सुनवाई के बाद तय होगा कि 225 सीटों का रिजल्ट कब आएगा। साथ ही वेटिंग की 204 सीटें भी घोषित होंगी। ईबीपीजीसी की 184 सीटों को मिलकर कुल 409 सीटों का रिजल्ट आना बाकी है।
1629 पदों का परिणाम घोषित
विज्ञापन संख्या 4/2017 की कैटेगरी नंबर एक के तहत 2038 ड्राइवर पदों की भर्ती निकाली थी। छह अगस्त 2017 को लिखित परीक्षा ली गई। इसमें 11225 को पास करते हुए ड्राइविंग दक्षता टेस्ट लिया जाएगा। इसमें पदों से डबल पास न होने पर बीच में ही 9556 दूसरी लिस्ट में पास किया। 12 फरवरी को 3587 उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया गया। तीन मार्च को 1629 पदों का फाइनल रिजल्ट आउट कर पांच मार्च को पदभार दे दिया।