पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Panipat
  • सेक्टर 11 12 की सड़कों के गड्‌ढों में Rs.46.24 लाख से लगाईं इंटरलॉकिंग टाइलें एक महीने में ही बिखरीं

सेक्टर-11/12 की सड़कों के गड्‌ढों में Rs.46.24 लाख से लगाईं इंटरलॉकिंग टाइलें एक महीने में ही बिखरीं

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
सेक्टर-11/12 की सड़कों के गड्‌ढों को 46.24 लाख खर्च करके इंटरलॉकिंग टाइलों से भरा गया था। ये टाइलें दो महीने में ही गड्‌ढों से निकलकर बिखर गईं। अब गड्‌ढे पहले से दोगुने बड़े हो गए हैं। सेक्टरवासियों का आरोप है कि गड्‌ढे भरने में प्रयोग की गई इंटरलॉकिंग टाइल घटिया किस्म की थी। इसी कारण दो महीने में ही टूटकर बिखरकर गई। मेयर सुरेश वर्मा और पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह ने भी निगम अधिकारियों की कार्यशैली सवाल उठाए हैं। वहीं कमिश्नर का कहना है कि सभी सड़कों पर आईएसआई मार्का की ही टाइल लगवाई जा रही हैं। फिर भी कहीं की शिकायत मिलती है तो उसे गंभीरता से लिया जाता है।

फिसलकर गिर रहे दोपहिया वाहन चालक : सेक्टरवासियों ने बताया कि सड़कों पर गड‌्ढों में राहगीर गिरने से चोटिल हो रहे हैं। सबसे गहरे गड्‌ढे गौसअली के चौक, एंजल मॉल चौक व सेक्टर-25 की और जाने वाली सड़क वाले चौक पर बन गए हैं। इसको लेकर कई बार क्षेत्र के लोग नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत भी दे चुके हैं। जिले के तीनों विधायकों समेत कई वीआईपी के निवास स्थान सेक्टर-11/12 में होने के बावजूद यहां की सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। दैनिक भास्कर के मुद्दा उठाने के बाद नगर निगम मेयर और निगम के 4 एमई को सड़कों पर घूमकर गड्‌ढे ढूंढे थे। सर्वे के आधार पर तैयार रिपोर्ट पर इनकी मरम्मत भी हुई थी, लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ।

13 फरवरी को भास्कर के मुद्दा उठाने के बाद नगर निगम के 4 एमई ने टीम बनाकर तलाश किए थे 400 गड्‌ढे

सेक्टर-11/12 की मुख्य सड़क पर गौसअली कॉलोनी चौक पर गड्‌ढे।

सेक्टर-11/12 में बीजेपी के 10 बड़े नेता

सेक्टर-11/12 में भाजपा के 10 बड़े नेता, कारोबारी और उद्यमी भी रहते हैं। इसके बाद भी सड़कें सबसे ज्यादा यहीं की खराब हैं। इनमें विधायक रोहिता रेवड़ी, विधायक महीपाल ढांडा, विधायक रविंद्र मच्छरौली, भाजपा महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, लोकसभा निगरानी कमेटी के चेयरमैन व पूर्व जिला अध्यक्ष गजेंद्र सलूजा, पार्षद अशोक नारंग, पार्षद सविता रामदेव, भाजपा प्रवक्ता रविंद्र भाटिया, शहरी मंडल अध्यक्ष महेश नारंग व पूर्व उपाध्यक्ष पवन अरोड़ा इसी सेक्टर में रहते हैं।

निगम अधिकारियों से रोज कर रहा आग्रह

सड़क के गड्‌ढे भरने के लिए प्रयोग की गई इंटरलाॅकिंग टाइल की क्वालिटी संदेह के घेरे में हैं। इसकी विजिलेंस से जांच होनी चाहिए। अब सड़क का नए सिरे से निर्माण कराने की बात कही जा रही है, लेकिन इससे पहले गड्‌ढों को टेंपरेरी भरवाने के लिए रोजाना निगम अधिकारियों से आग्रह कर रहा हूं। कोई सुनवाई नहीं हो रही। जल्दी ही इन्हें नहीं भरा गया तो मैं खुद ही लोगों से सहयोग से भरवाऊंगा। इंटरलॉकिंग टाइलों से गड्‌ढों को भरते समय सही तरीके से काम किया जाता तो, ये जल्दी नहीं टूटते। आम आदमी से टैक्स के रूप में वसूला जा रहा पैसा व्यर्थ में खर्च किया जा रहा है। -सरदार भूपेंद्र सिंह, पूर्व मेयर।

क्वालिटी की जांच कराएंगे

सड़काें के गड्‌ढों को भरने में प्रयोग की गई इंटरलॉकिंंग टाइलों की क्वालिटी जांच कराई जाएगी। किसी भी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका संदेह में पाई गई तो कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। फिलहाल सड़कों के नए निर्माण के लिए टेंडर जारी हो गए हैं। जब तक निर्माण शुरू होता है, तब तक किसी न किसी रूप में टेंपरेरी गड्‌ढों को भरवाया जाएगा। - सुरेश वर्मा, मेयर, नगर निगम पानीपत।

सेक्टर-11/12 की सड़क से सेक्टर-25 की ओर जाने वाली सड़क पर भरा पानी।

गंदे पानी भरने से आ रही बदबू कर रही बीमार

सेक्टर-11/12 से सेक्टर-25 जाने वाली सड़क पर गंदा पानी भर गया है। ये पानी सीवर जाम होने से फैला है। क्षेत्रवासी रविंद्र तायल व राकेश बंसल ने बताया कि दो दिनों से सड़क पर गंदा पानी भरा है। सीवर सफाई के लिए नगर निगम को कई बार बोला है। एक पंप लगाकर पानी निकालने का प्रयास तो शुरू हुआ है, लेकिन गंदे पानी व बदबू ने बीमार करना शुरू कर दिया है।

तसल्ली से करा रहे काम

शहर में अब जो भी काम करवाए जा रहे हैं, वे तसल्ली से करवाए जा रहे हैं। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं है। जहां-जहां सड़क निर्माण में घटिया सामग्री की शिकायतें मिली थीं, वहां सड़कों काे उखड़वाकर दोबारा बनवाया गया है। ऐसे ही अगर सेक्टर-11/12 की सड़कों के गड्‌ढों को भरने में कोई लापरवाही रही है तो इसके बारे में पता लगाएंगे - शिव प्रसाद शर्मा, कमिश्नर, नगर निगम

जल्द शुरू होगा काम

सड़क का निर्माण जल्दी ही शुरू हाेगा। इस समय गड्‌ढे हो जाने की शिकायत नहीं मिली है। क्षेत्र की सड़कों में बने गड्‌ढों को इंटरलॉकिंग टाइलों से भरा गया था। अब दोबारा बन गए हैं तो इसके बारे में किसी कर्मचारी को मौके पर भेजकर स्थिति के बारे में पता कराएंगे। -प्रदीप कल्याण, एमई, नगर निगम पानीपत।

खबरें और भी हैं...