सख्ती : पुलिस टीमों ने किया किराएदारों का वेरिफिकेशन
पानीपत. महाबीर कॉलोनी में चेकिंग के दौरान किराएदारों की जांच करती पुलिस।
भास्कर न्यूज | पानीपत
वारदातों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बुधवार को सिटी, सदर, चांदनी बाग, सनौली, बापौली थाना पुलिस ने अपने क्षेत्र में किराएदारों के बारे में जानकारी जुटाने काे अभियान चलाया। किराएदारों का वेरिफिकेशन करने के लिए सिटी थाना पुलिस ने बुधवार सुबह महाबीर कॉलोनी में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान कॉलोनी के एक-एक करके सभी घरों की जांच की गई। यहां बिना आईडी प्रूफ रह रहे 50 किराएदारों के अजनबी पर्चा काटे। सिटी थाना एसएचओ कमलजीत के नेतृत्व में तीन गाड़ियों में पहुंचे करीब 20 पुलिसकर्मियों ने ढाई घंटे तक अभियान चलाया। पुलिस ने मकान मालिकों को भी हिदायत दी कि वे बिना आईडी प्रूफ लिए किसी को घर में किराए पर न रखें।
अभियान जारी रहेगा
तहसील कैंप चौकी प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि ये अभियान आगे भी जारी रहेगा। पर्चा में किराएदार के नाम, पता और अन्य डिटेल भरी गई है। वहीं, चांदनी बाग टीम ने फ्लोरा कॉलोनी सेक्टर 29 इंडस्ट्रियल एरिया, सदर पुलिस ने बाबरपुर अनाज मंडी में संदिग्ध व किराएदारों से पूछताछ कर अजनबी पर्चे काटे।