सुरक्षा : महिलाओं और बच्चों को जागरूक करेगी पुलिस
किला क्षेत्र की माईजी कॉलोनी में महिलाओं को जागरूक करती पुलिस।
भास्कर न्यूज | पानीपत
महिलाओं, बच्चों के प्रति घटित होने वाली हिंसात्मक घटनाओं पर समय रहते नियंत्रण पाने और सुरक्षा संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिए महिला पुलिस की टीम ने रिहायशी कॉलोनी में जाकर जागरूकता अभियान की शुरुआत कर दी है।
पहले दिन बुधवार को इस अभियान के तहत डीएसपी महिला थाना विद्यावती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। तीन टीमों ने किला थाना, मॉडल टाउन और थाना सिटी क्षेत्र में पहुंच महिलाओं को जागरूक किया। एसपी राहुल शर्मा का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के साथ अपराध बढ़ता ही जा रहा है। तीन टीमों को गठन किया है। जो प्रतिदिन रिहायशी कॉलोनियों में पहुंच महिलाओं और बच्चों को जागरूक करेंगी।
फोन करके मांगें मदद
महिला थाना डीएसपी विद्यावती का कहना है कि बुधवार को किला थाना क्षेत्र की माई जी कॉलोनी और अशोक विहार कॉलोनी में महिलाओं को आत्मरक्षा के बारे में जानकारी दी गई। गुड और बैड टच के बारे में भी बताया। जरूरत पड़ने पर महिलाएं हेल्पलाइन नंबर 1091 या कंट्रोल रूम के 100 नंबर पर फोन करें।