आर्य कॉलेज के 2 प्रोफेसर प्रिंसिपल के खिलाफ बैठे आमरण अनशन पर
पानीपत | आर्य पीजी कॉलेज के प्रिंसिपल पर मनमानी चलाने और प्रोफेसर्स को प्रताड़ित करने का आरोप लगाकर 64 दिनों से धरना दे रहे कॉलेज के ही दो प्रोफेसर बुधवार से आमरण अनशन पर बैठ गए। इस बारे में दोनों ही प्रोफेसर ने मंगलवार को डीसी सुमेधा कटारिया के माध्यम से राज्यपाल एवं कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय कुरुक्षेत्र के कुलपति के नाम ज्ञापन सौंप अवगत भी कराया था।
ज्ञापन के माध्यम से प्रोफेसर डॉ. नीरज ठाकुर व डॉ. शिवनारायण ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल डॉ. जगदीश गुप्ता की कार्यप्रणाली से कॉलेज के शिक्षक परेशान हैं। वे किसी न किसी बात का बहाना बनाकर शिक्षकों पर दबाव बनाते हैं। उनके आत्म सम्मान को भी ठेस पहुंची तो वे इसके खिलाफ खड़े हो गए। 64 दिनों कक्षाएं खत्म करने के बाद धरना दिया, लेकिन मैनेजमेंट व प्रिंसिपल ने अड़ियल रवैया अपनाते हुए कभी उन्हें संतुष्ट करने की कोशिश नहीं की, बल्कि मंगलवार को उन्हें सस्पेंड कर दिया। इसी के चलते उन्होंने आमरण अनशन शुरू कर दिया। इस बारे में प्रिंसिपल डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि उन्होंने मैनेजमेंट और कॉलेज में कार्यरत सभी शिक्षकों के माध्यम से दोनों ही प्राध्यापकों से बातचीत करके मनाने का हर संभव कोशिश की लेकिन उनकी मांगों का ही पता नहीं चल पाया।