7 दिन से नाले साफ कर रहे पूर्व मेयर का डीसी ने लिया नोटिस, कहा- अब हम कराएंगे सफाई
7 दिनों से बंद पड़े नालों की सफाई कर रहे पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र ने अभियान को अब रोक दिया है। शुक्रवार को डीसी सुमेधा कटारिया ने पूर्व मेयर को अपने कार्यालय बुलाया। डीसी ने कहा कि आप जो मैसेज देना चाहते थे वह स्वीकार कर लिया गया है। 10 दिनों में नाला गैंग काम करना शुरू कर देगा। इस पर पूर्व मेयर ने अभियान रोकने का भरोसा दिया। उनके साथ पार्षद सुरेंद्र गर्ग भी थे।
पूर्व मेयर के इस अभियान पर डीसी ने संज्ञान लेते हुए शुक्रवार को निगम अफसरों को बुलाया। डीसी ने कहा कि यह व्यवस्था ठीक नहीं है। डीसी ने इस बारे में बताया कि शहर में 175 किलोमीटर दायरे में नाले हैं। निगम अफसरों को शॉर्ट टेंडर जारी कर नाला गैंग बनाने को कहा है। उन्होंने बताया कि 10 दिनों में काम शुरू हो जाएगा। नाला गैंग में 100 से 150 कर्मचारी तीन माह के लिए रखे जाएंगे। पूर्व मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह ने कहा कि यह उनका कोई राजनीतिक एजेंडा नहीं था। पता नहीं निगम अफसर पहले क्यों नहीं जागते हैं। 7 अप्रैल को पूर्व मेयर ने वार्ड-14 से नालों की सफाई का अभियान शुरू किया था। 5 कर्मचारियों का खर्च लोगों से भीख मांग कर वहन करते थे।