पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Panipat
  • बस स्टैंड शिफ्टिंग से बरबाद होगा शहर का व्यापार: कांग्रेस

बस स्टैंड शिफ्टिंग से बरबाद होगा शहर का व्यापार: कांग्रेस

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बस अड्डे को शिफ्ट करने की साढ़े तीन साल पुरानी घोषणाओं पर कल जब मुख्यमंत्री मनोहरलाल पत्थर लगाने जा रहे हैं तो शहर से कांग्रेस नेताओं ने विरोध कर दिया है। कांग्रेस के पांच वर्तमान और पुराने 7 पार्षदों ने कहा कि किसी भी सूरत में बस अड्डे को सिवाह नहीं जाने देंगे। सरकार का यह फैसला गलत है। शुक्रवार को मॉडल टाउन स्थित कांग्रेस नेता बुल्ले शाह के कार्यालय में वार्ड-17 से पार्षद सुनील वर्मा, वार्ड-21 से बृजभूषण ढींगड़ा, वार्ड-1 से पार्षद व सीनियर डिप्टी मेयर काजल बठला के पति सुभाष बठला, वार्ड-14 से पार्षद के पति रामचंद्र कादियान और वार्ड-20 से पार्षद के पति सरदार बलजीत ने कहा कि इसके विरोध में सोमवार को डीसी को ज्ञापन देंगे। इसके बाद जरूरत पड़ी तो धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व पार्षदों में श्यामा भांबरी, अवधेश यादव, कृष्ण कोहली, भगवानदास डाबर, बलदेव पोपली, राजू चावला व संजीव भारद्वाज मौजूद रहे।

विरोध के गिनाए 2 कारण
क्या गारंटी कि जाम हट जाएगा : पार्षदों ने कहा कि बस अड्डा हटने के बाद ऑटो की संख्या 4 गुनी बढ़ जाएगी। शहर यहीं है और सरकारी दफ्तर भी। ऐसे में इसकी क्या गारंटी है कि जाम खत्म हो जाएगा।

बताए 2 समाधान
वर्कशॉप सिवाह व बस अड्‌डा सेक्टर-13/17 में हो शिफ्ट शहर की बसावट करनाल की ओर है। सिवाह की ओर तो इंडस्ट्री है। वर्कशॉप को सिवाह में शिफ्ट किया जाए। अगर मल्टीलेवल नहीं बना सकते तो सेक्टर-13/17 में ही बस अड्डा को शिफ्ट किया जाए।

यह ताे अन्याय है, जो होने नहीं देंगे: शाह
यह अन्याय है। सर्दियों में महिलाएं व बुजुर्ग सिवाह से रात को कैसे आएंगे। सिटी बस सर्विस कैसे काम करेगी, कोई प्लानिंग नहीं और न ही यह सफल होगी। यह सरकार एक साल और है, जो करना है कर लें। सरकार बदलते ही फैसला पलट देंगे। -बुल्ले शाह, कांग्रेस नेता

रोजगार खत्म हो जाएगा : बस अड्डा के आसपास 200 के करीब दुकानें हैं। बस अड्डा जाने के बाद सभी दुकानें बंद हो जाएंगी। रेहड़ियां बंद हो जाएंगी। सरकार रोजगार बढ़ाने की बात कर रही है और दूसरी ओर इस तरह के फैसले गलत हैं।

मल्टी लेवल बनाकर फ्लाईओवर से कनेक्ट करो: बस अड्डे के सामने पुल के दोनों ओर जगह बहुत है। पुल को चौड़ा करने के साथ ही बस अड्डे को मल्टी लेवल का बनाया जाए। तकनीकी मदद लेकर इस पुल को बस अड्डे से जोड़ा जाए। पुल पर चढ़ने के लिए लिफ्ट व सीढ़ी बनाई जाए।

सर्वे कराकर जनमत से हो फैसला: मेयर
कांग्रेसी भ्रमित हैं, बस अड्‌डा तो पूरे जिले का है : भाजपा
कांग्रेस के विरोध को भाजपाइयों ने भ्रमित करने वाला बताया। भाजपा के प्रदेश महामंत्री संजय भाटिया ने कहा कि ये लोग पहले कहते थे कि सीएम की घोषणा के तीन साल बाद भी काम नहीं हो रहा है। अब जब कुछ बेहतर हो रहा है तो विरोध कर रहे हैं। भाटिया ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल से ही प्रयास चल रहा है कि शहर से बस अड्डा को शिफ्ट किया जाए। परिवहन मंत्री रहते बलबीर पाल शाह ने ही पहला प्रयास किया था। बस अड्डा शिफ्टिंग को लेकर असल में कांग्रेसी कंफ्यूज्ड हैं। वहीं, ग्रामीण विधानसभा से भाजपा विधायक महीपाल ढांडा ने कहा कि बस अड्डा सिर्फ शहर का नहीं है। यह पूरे जिले का है, जहां पर शहर के साथ 190 गांव भी हैं।

जनता के लिए ही बस अड्डा बन रहा है तो अच्छा होगा कि जनमत कराया जाए। पूछा जाए कि जनता क्या चाहती है। एक्सपर्ट की मदद भी ले सकते हैं, क्योंकि प्लानिंग बननी चाहिए। जो भी बेहतर हो, उसके मुताबिक सरकार निर्णय ले। -सुरेश वर्मा, मेयर, नगर निगम

जाम से बचना है तो बाहर जाना ही होगा
सेक्टर-13/17 में जगह कम: संजय भाटिया ने कहा कि जाम से मुक्ति चाहते हैं बाहर जाना ही होगा। सेक्टर-13/17 में जगह नहीं है। यहां रहने वाले इसका पहले से ही विरोध कर रहे हैं। दूसरी अगर यहां पर बस अड्डा बन भी जाए तो 5 साल में आज वाली स्थिति हो जाएगी।

टेक्निकल एक्सपर्ट बताएं निदान: मदान
संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान अनिल मदान ने कहा कि शहर में ही बस अड्डा होना चाहिए। देश में बड़े-बड़े टेक्निकल एक्सपर्ट हैं, जो इस जाम का निदान बता सकते हैं। मदान ने कहा कि सिवाह में बस अड्डा शिफ्ट करने से किसका फायदा होगा, सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए।

शहरवासियों को परेशान नहीं होने देंगे: पंवार
सर्वे तब कराएं जब किसी को दिक्कत हो। शहर वासियों को परेशान नहीं होने देंगे। उनकी बेहतरी के लिए ही यह फैसला लिया गया। करनाल, सोनीपत सहित पूरे प्रदेश में 2 दर्जन से अधिक बस अड्डे शहर से बाहर किए जा रहे हैं। -कृष्णलाल पंवार, परिवहन मंत्री

शहर में चलेगी सिटी बस सेवा: सवारियाें के लिए सिटी बस सर्विस चलाई जाएगी। यह सेवा सिवाह से लेकर टोल प्लाजा तक चलेगी। इसलिए, यात्रियों को सिवाह जाने और शहर आने में कोई परेशानी नहीं होगी।

कांग्रेस बेशक विरोध में हो, लेकिन इनेलो नेता भाजपा के फैसले के साथ है। इस तरह से बस अड्डा के विरोध में कांग्रेस अकेले पड़ गई है। ग्रामीण से इनेलो अध्यक्ष कुलदीप राठी ने कहा- शहर में मार्केट तो चल ही रही है। रोजगार बाहर भी मिले तो अच्छा होगा।

खबरें और भी हैं...