25 तक समाधान नहीं तो अनिश्चितकालीन धरना
हुडा सेक्टर एसोसिएशन का इनहांसमेंट को लेकर तीसरे दिन धरना प्रदर्शन जारी रखा, लेकिन अधिकारी नदारद मिले। इससे एसोसिएशन में आक्रोश बढ़ता रहा है। 25 अप्रैल तक का वक्त हुडा अधिकारियों को देते हुए एलान किया है कि 26 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा।
हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर फेडरेशन के आह्वान पर शहरी विकास प्राधिकरण के सामने तीसरे दिन भी धरना प्रदर्शन जारी रहा। अध्यक्षता भीम सिंह राणा और संचालन सतीश गुप्ता ने किया। जिला संयोजक बलजीत सिंह ने कहा कि हुडा अधिकारी प्रदर्शन शुरू होते ही अपने-अपने कार्यालय को छोड़कर इधर- उधर हो जाते हैं। जिला प्रशासन की तरफ से कोई सुनने वाला नहीं है। चेतावनी दी कि अगर अधिकारियों का यही रवैया रहा तो 26 अप्रैल से अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। सेक्टर- 26 के प्रधान एसके त्यागी और सेक्टर- 24 के प्रधान सतीश गुप्ता ने सरकार पर अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि इनहांसमेंट के नोटिस ध्यान भटकाने के लिए भेजे जा रहे हैं। ताकि लोगों का ध्यान मूलभूत सुविधाओं से हट जाए।
सेक्टर वासियों के हित के लिए ठोस कदम नहीं उठाया गया तो यह धरना प्रदर्शन आंदोलन का रूप ले लेगा। भीम सिंह राणा ने कहा कि सरकार और हुडा इन गलत नोटिसों को वापस ले और सेक्टरवासियों की मूलभूत सुविधाओं की तरफ ध्यान दे। उन्होंने कहा कि सड़कें जर्जर हैं। सीवर जाम हैं। बारिश के पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं है। सड़कों से स्ट्रीट लाइट गायब हैं। इस अवसर पर इंद्र सिंह, दीनानाथ गुप्ता, कर्ण सिंह, शक्ति सिंह, राजकुमार, राजेंद्र सिंह, रमलेश गुप्ता, राजकुमार, राममेहर, हरीश भारद्वाज, मोहब्बत सिंह, मेहर दास आदि मौजूद रहे।
सेक्टरवासियों ने इनहांसमेंट के विरोध में लगातार तीसरे दिन हुडा कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।