29 को जींद में दस मांगों को लेकर सरकार को घेरेंगे कर्मी
पानीपत| गीता कॉलोनी स्थित शिव वर्मा स्मारक (सीटू) कार्यालय में शुक्रवार को सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की बैठक हुई। इसमें 29 अप्रैल को जींद में होने वाली ललकार रैली में शामिल होने के लिए कर्मचारियों को न्योता दिया गया।
ऑल इंडिया इलेक्ट्रिसिटी इंप्लाइज फेडरेशन आॅफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के महासचिव सुभाष लांबा ने बताया कि भाजपा ने चुनाव से पहले उनकी 10 मांगों को पूरा करने का वादा किया था। लेकिन, चुनाव के बाद एक भी वादा अबतक पूरा नहीं किया गया है। सरकार को उनके द्वारा किए गए वादों को याद कराने के लिए 50 हजार कर्मचारी 29 अप्रैल को जींद में एकत्रित होंगे। इसके लिए 14 से 27 मार्च तक जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 4 टीमें गठित की गई हैं। बैठक में नरेश कुमार शास्त्री, मंगल सिंह, सुरेश कुमार रामपाल कुंडू, जसबीर सिंह, रविंद्र कुमार, डाॅ. सुरेंद्र मलिक, राजपाल, मदन सिंह, मनीष मलिक, जितेंद्र सैनी, सीता राम, सुखबीर रंगा, प्रीतम रावल व प्रमोद मौजूद रहे।