15 हजार लोकल स्मार्ट कार्ड बेकार, अब बनवाने होंगे फास्ट टैग
टोल प्लाजा पर आपकी गाड़ी न रुके, इसके लिए शुरू की गई फास्ट टैग प्रणाली ने लोगों का खर्चा बढ़ा दिया है। पहले 50 रुपए में स्मार्ट कार्ड बनता था। वहीं, अब 500 रुपए में फास्ट टैग कार्ड बन रहा है। जिले में 15 हजार स्मार्ट कार्ड बने थे। 50 रुपए की दर से इस पर जिले के लोगों ने 7.50 लाख खर्च किए थे। जो अब बेकार जाएंगे। ऐसे सभी लोगों को अब अगर फास्ट टैग कार्ड बनाना है तो 75 लाख रुपए खर्च होंगे, लेकिन ये पैसे सिर्फ कार्ड बनाने और 100 रुपए बैलेंस रखने में ही चले जाएंगे। फास्ट टैग कार्ड बनाने में 500 रुपए लिए जा रहे हैं। जिसमें टैग की कीमत 200 रुपए, टैग सिक्योरिटी राशि 200 रुपए और 100 रुपए की बैलेंस मिल रही है, लेकिन यह बैलेंस आप खर्च नहीं कर सकते। टैग का उपयोग करने के लिए आपको इसके अतिरिक्त रिचार्ज करना होगा। अगर आपके फास्ट टैग की बैलेंस 100 रुपए से कम हुआ तो कार्ड ब्लॉक हो जाएगा। यहां पानीपत टोल प्लाजा पर दोनों ओर दो-दो फास्ट टैग बनाए गए हैं। हालांकि, सभी लेन पर रेडियो फ्रिक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (आरएफआईडी) रीडर लगाए गए हैं, ताकि अगर फास्ट टैग वाला किसी अन्य लेन में भी चला जाए तो वहां भी रीडिंग हो जाए।
बदलाव
स्मार्ट कार्ड बनता था Rs.50 में, फास्ट टैग बनेगा 500 में; Rs.100 मिलेगा बैलेंस, 100 से कम बैलेंस पर होगा ब्लॉक यानी बनवाते ही कराना पड़ेगा रिचार्ज
200 रुपए टैग की कीमत और 200 रुपए टैग सिक्योरिटी राशि के रूप में लिया जा रहा है
पानीपत. जीटी रोड टोल प्लाजा पर फास्ट टैग लेन में मौजूद कर्मचारी।
लोकल सुविधा व छूट के लिए कराना होगा कनेक्ट
सभी बैंकों में फास्ट टैग कार्ड बन रहे हैं। टोल प्लाजा पर भी कार्ड बनाने के लिए एसबीआई, एचडीएफसी और आईडीएफसी को जिम्मेदारी दी गई है। लोकल छूट की सुविधा लेने के लिए आपको टोल प्लाजा प्रशासन से इसे कनेक्ट कराना होगा। आरसी और आधार कार्ड के आधार पर लोकल कनेक्ट हो जाएगा।
किसी भी टोल पर जाएं सभी पर चलेगा फास्ट टैग कार्ड
इलेक्ट्रॉनिक टोल संग्रह (ईटीसी) के लिए फास्ट टैग प्रणाली को अपनाया गया है। इसका मतलब है कि आप कहीं भी किसी भी टोल पर जाएं, आपको फास्ट टैग कार्ड की सुविधा मिलेगी। एलएंडटी अधिकारी ने बताया कि यह एनएचएआई का निर्णय है। इसमें एलएंडटी की कोई भूमिका नहीं है। छूट के लिए आपको टोल प्लाजा से कनेक्ट कराना होगा।
कार्ड का बैलेंस खत्म होने के बाद ही लगाएं फास्ट टैग
अगर आपके पास स्मार्ट कार्ड है और उसमें बैलेंस पड़ा है तो बैलेंस खत्म करने के बाद ही फास्ट टैग लगवाएं। अगर आपके पास स्मार्ट कार्ड है और फास्ट टैग भी लगा है तो ज्यों ही आप टोल प्लाजा पर जाएंगे। आरएफआईडी रीडर टैग से कनेक्ट हो जाएगा। ऐसी स्थिति में स्मार्ट कार्ड का उपयोग आप नहीं कर पाएंगे।
स्मार्ट कार्ड जितनी ही छूट मिलेगी
स्मार्ट कार्ड में पानीपत के लोगों को एक बार टोल पार करने पर 10 रुपए लगते हैं। अगर आपके पास फास्ट टैग कार्ड है तो उसमें भी आपसे 10 रुपए ही लिए जाएंगे। छूट में अभी कोई बदलाव नहीं किया गया है।